काशी में सिर्फ रोड शो नहीं… 2027 की पटकथा लिखने आए मोदी?

साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

एयरपोर्ट पर विमान उतरा… और शहर ने सांस रोक ली। नारे गूंजे… “हर-हर महादेव” और “मोदी-मोदी” साथ-साथ चले। लेकिन सवाल सिर्फ स्वागत का नहीं है… सवाल ये है कि मोदी काशी क्यों आए हैं—अभी और इसी वक्त?

वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा धार्मिक कम, राजनीतिक ज्यादा पढ़ा जा रहा है। क्योंकि जब देश का सबसे बड़ा नेता अपने संसदीय क्षेत्र में उतरता है, तो वह सिर्फ हाथ नहीं हिलाता… वह संकेत देता है। काशी में फूल बिछे हैं, पर राजनीति में कांटे हिल चुके हैं।

दुल्हन बनी काशी… या चुनावी मंच?

बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर शहर के दिल तक सड़कों को सजाया गया। बड़े-बड़े कटआउट, भगवा बैनर, मोदी-योगी पोस्टर और स्वागत द्वारों ने शहर को चमका दिया। जो आम आदमी रोज गड्ढों से जूझता है, आज वही सड़कें वीआईपी कालीन जैसी दिखीं। यही भारतीय राजनीति की सबसे चमकदार विडंबना है—नेता आए तो शहर बदल गया, जनता रही तो सब जस का तस।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, दोनों डिप्टी सीएम, प्रदेश अध्यक्ष और नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन—पूरा पावर सर्किट मौजूद था।

ये सिर्फ रिसेप्शन लाइन नहीं थी… ये 2027 की फोटो फ्रेमिंग थी।

15 किलोमीटर रोड शो… या शक्ति प्रदर्शन?

बुधवार को प्रस्तावित 15KM लंबा रोड शो सिर्फ रूट नहीं, एक संदेश है। BLW से मंडुवाडीह, फुलवरिया, लहुराबीर, मैदागिन होते हुए बाबा विश्वनाथ धाम तक जाने वाला यह सफर जनता को दिखाएगा कि काशी अब भी मोदी की है… और शायद यूपी भी। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर में यह रोड शो तीन काम करेगा:

  • कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरेगा
  • विपक्ष को मनोवैज्ञानिक दबाव देगा
  • महिला, युवा और शहरी वोटरों को री-कनेक्ट करेगा

भीड़ कभी सिर्फ भीड़ नहीं होती… कई बार वह भविष्य का सर्वे होती है।

महिला सुरक्षा नहीं, महिला संदेश

इस बार 1500+ महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती को सिर्फ सुरक्षा मत समझिए। यह एक दृश्यात्मक राजनीति (Visual Politics) है। कैमरे देखेंगे कि महिला पुलिस कमान संभाल रही है। जनता देखेगी कि महिला सम्मान की बात जमीन पर दिख रही है। BJP जानती है कि महिला वोट बैंक अब भावनात्मक नहीं, निर्णायक शक्ति है। उज्ज्वला, राशन, आवास, शौचालय, गैस—इन योजनाओं के बाद अब मंच पर “दिखाई देने वाली भागीदारी” भी जोड़ी जा रही है। यह संयोग नहीं है। यह स्क्रिप्टेड साइलेंस में लिखा गया संदेश है।

बाबा विश्वनाथ दर्शन… आस्था या रणनीति?

मोदी कल बाबा विश्वनाथ मंदिर जाएंगे। यह खबर जितनी धार्मिक लगती है, उतनी है नहीं। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर मोदी सरकार की सबसे बड़ी प्रतीकात्मक परियोजनाओं में से एक है। मंदिर दर्शन का हर फ्रेम टीवी पर जाएगा, सोशल मीडिया पर वायरल होगा, और करोड़ों हिंदू मतदाताओं तक पहुंचेगा।

मोदी जब बाबा के दरबार जाते हैं, विपक्ष सिर्फ बयान देता रह जाता है। यही उनकी राजनीति की ताकत है—वो इमोशन को इवेंट बना देते हैं।

काशी का सच: प्यार भी है, सवाल भी

काशी मोदी से प्यार करती है—यह सच है। लेकिन काशी सवाल भी पूछती है—यह भी सच है। स्थानीय व्यापारियों की समस्याएं, ट्रैफिक, गंगा किनारे विस्थापन, महंगाई, युवाओं में रोजगार की चिंता… ये सब मुद्दे मौजूद हैं। मोदी का करिश्मा इन सवालों को शांत कर देता है, मिटाता नहीं। जब नेता आता है तो जनता हाथ हिलाती है, जब नेता जाता है तो वही जनता हिसाब लगाती है।

विपक्ष क्यों बेचैन है?

क्योंकि यह दौरा टाइमिंग से भरा है। UP में 2027 अभी दूर है, लेकिन BJP ने इंजन चालू कर दिया है। विपक्ष जहां जातीय समीकरण, सीट बंटवारे और चेहरे तय करने में लगा है, वहीं BJP narrative तय कर रही है। मोदी की मौजूदगी विपक्ष के लिए सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, एक चलता-फिरता चुनाव अभियान है। और सबसे बड़ी बात—वाराणसी में रोड शो सिर्फ वाराणसी तक सीमित नहीं रहता। उसका संदेश पूर्वांचल, बिहार बॉर्डर और पूरे हिंदी बेल्ट तक जाता है।

जनता क्या देख रही है?

एक वर्ग इसे विकास और गर्व के रूप में देख रहा है। दूसरा वर्ग इसे राजनीतिक शो मानता है। तीसरा वर्ग सिर्फ तमाशा देख रहा है। लेकिन एक बात तय है—कोई उदासीन नहीं है। और राजनीति में सबसे बड़ी जीत वही है… जब विरोधी भी आपको ignore न कर पाए।

असली खेल कैमरे के बाहर

कैमरा भीड़ दिखाएगा। कैमरा फूल दिखाएगा। कैमरा नारे दिखाएगा। लेकिन कैमरा यह नहीं दिखाएगा कि BJP बूथ स्तर पर डेटा कैसे पढ़ रही है, महिला नेटवर्क कैसे सक्रिय है, कौन नाराज है, कौन खामोश है, कौन लौट सकता है। मोदी का हर दौरा अब सिर्फ दौरा नहीं… field intelligence operation भी होता है।

काशी में प्रधानमंत्री उतर चुके हैं। फूल सज चुके हैं। रूट लॉक हो चुका है। कैमरे ऑन हैं। लेकिन असली खबर यह नहीं कि मोदी आए। असली खबर यह है कि जब बाकी दल अभी सोच रहे हैं, BJP फिर से दौड़ रही है। वाराणसी में यह रोड शो सड़कों पर होगा… लेकिन उसकी गूंज सीधे 2027 के बैलेट बॉक्स तक जाएगी। काशी आज फिर बता रही है—भारत की राजनीति पहले दिखती है, फिर समझ आती है।

3 दिन बैंक बंद! फटाफट निपटा लें जरूरी काम वरना हो सकती है परेशानी

Related posts

Leave a Comment