‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में रणबीर कपूर के सामने अमिताभ बच्चन ने खोला शादी के शुरुआती दिनों का राज, बताया पिता के समझाने के बाद जया ने बदल लिया था संबोधन
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली: अमिताभ बच्चन और जया बच्चन की जोड़ी हिंदी सिनेमा के चर्चित जोड़ों में गिनी जाती है। दोनों की शादी को पांच दशक से ज्यादा समय हो चुका है। हाल ही में अमिताभ बच्चन ने अपनी शादी के शुरुआती दिनों से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि जया उन्हें एक खास निकनेम से पुकारती थीं, लेकिन इस पर उनके पिता हरिवंश राय बच्चन ने एक्ट्रेस को प्यार से टोक दिया था।
जया बच्चन ने रखा था अमिताभ का खास निकनेम
अमिताभ बच्चन ने यह किस्सा ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के मंच पर रणबीर कपूर के साथ बातचीत के दौरान सुनाया। बिग बी ने बताया कि जया कई सालों तक उन्हें ‘लंबू जी’ कहकर बुलाती थीं। बाद में उनके पिता हरिवंश राय बच्चन ने इस संबोधन पर आपत्ति जताई और जया को प्यार से समझाया।
अमिताभ के मुताबिक, बाबूजी ने जया से कहा था कि उन्हें इस तरह नहीं बुलाना चाहिए। वह चाहें तो उन्हें नाम से बुलाएं या कोई दूसरा संबोधन इस्तेमाल करें। पिता की इस नसीहत के बाद जया ने उन्हें उनके नाम से पुकारना शुरू कर दिया।
रणबीर कपूर ने अमिताभ और जया की हाइट को लेकर कही यह बात
दरअसल, शो में अमिताभ और रणबीर कपूर के बीच बातचीत की शुरुआत कद-काठी को लेकर हुई थी। रणबीर ने कहा कि वह खुद को अमिताभ बच्चन की तरह लंबा और आलिया भट्ट को जया बच्चन की तरह छोटे कद का मानते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें दोनों की हाइट में यह अंतर अच्छा लगता है और उनके मन में अक्सर यह तस्वीर आती है।
रणबीर की बात पर अमिताभ ने जवाब दिया कि उनके और जया के कद में काफी अंतर है। जब रणबीर ने उनकी वास्तविक हाइट के बारे में पूछा, तो बिग बी ने बताया कि उनकी लंबाई 6 फुट 2 इंच है, जबकि जया की हाइट करीब 5 फुट 3 या 4 इंच है। इसके बाद रणबीर ने बताया कि उनकी और आलिया भट्ट की हाइट भी लगभग इसी अनुपात में है।
‘रामायण पार्ट 1’ की रिलीज को लेकर चर्चा में रणबीर कपूर
‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में रणबीर कपूर के साथ फिल्म में माता सीता की भूमिका निभाने वाली साई पल्लवी भी नजर आईं। शो के दौरान दोनों कलाकारों ने अपने करियर से जुड़े अनुभव साझा किए और अमिताभ बच्चन के साथ बातचीत की।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ दिवाली सप्ताह में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को बड़े पर्दे पर आएगा। इसमें रणबीर कपूर और साई पल्लवी के अलावा रवि दुबे, अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, यश और सनी देओल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
