NEET UG 2026: 11.94 लाख रैंक पर भी मिली MBBS सीट, जानिए राउंड-1 में किस रैंक तक हुआ दाखिला

नई दिल्ली: मेडिकल काउंसलिंग कमेटी यानी एमसीसी ने नीट यूजी 2026 काउंसलिंग के राउंड-1 का प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट रिजल्ट जारी कर दिया है। ऑल इंडिया कोटे की एमबीबीएस और बीडीएस सीटों के लिए हुए इस राउंड में 29,945 अभ्यर्थियों को सीट आवंटित की गई है। अलॉटमेंट में सबसे आखिरी एमबीबीएस सीट 11,94,233 रैंक वाले अभ्यर्थी को मिली है। हालांकि, यह सीट सामान्य सरकारी कॉलेज की नहीं, बल्कि सेल्फ फाइनेंस्ड सीट है।

एमसीसी की ओर से जारी अलॉटमेंट के मुताबिक टॉप रैंक हासिल करने वाले अभ्यर्थियों को एम्स दिल्ली जैसे प्रमुख संस्थानों में सीट मिली है। जिन अभ्यर्थियों को राउंड-1 में सीट आवंटित हुई है, वे संबंधित प्रक्रिया के तहत आगे दाखिला ले सकते हैं। वहीं, अलॉटमेंट में किसी तरह की गड़बड़ी मिलने पर 21 अगस्त को दोपहर 3:59 बजे तक शिकायत दर्ज कराने का मौका दिया गया है।

11,94,233 रैंक वाले अभ्यर्थी को कहां मिली MBBS सीट?

राउंड-1 में 11,94,233 रैंक वाले ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थी को श्री सत्य साईं मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट, कांचीपुरम की सेल्फ फाइनेंस्ड एमबीबीएस सीट आवंटित हुई है। यह संस्थान एसबीवी चेन्नई कैंपस, श्री सत्य साईं नगर, अम्मापेट्टई, चेन्नई से संबंधित है। सेल्फ फाइनेंस्ड सीट होने के कारण इसकी फीस सामान्य सरकारी मेडिकल सीटों की तुलना में काफी अधिक होती है।

ऑल इंडिया कोटे में MBBS की कटऑफ

एमसीसी राउंड-1 के अलॉटमेंट के अनुसार ऑल इंडिया कोटे में ओपन जनरल वर्ग की एमबीबीएस सीट 22,342 रैंक तक गई। ओबीसी वर्ग के लिए अंतिम रैंक 23,075, ईडब्ल्यूएस के लिए 27,179, एससी के लिए 1,04,921 और एसटी वर्ग के लिए 1,32,111 रही।

BDS में किस रैंक तक मिली सीट?

बीडीएस की बात करें तो ऑल इंडिया कोटे में ओपन जनरल वर्ग के लिए कटऑफ 41,017 रैंक रही। ओबीसी वर्ग में 42,060, ईडब्ल्यूएस में 45,421, एससी में 1,53,144 और एसटी वर्ग में 1,77,533 रैंक तक सीट आवंटित हुई।

एम्स और केंद्रीय विश्वविद्यालयों में कितनी रही कटऑफ?

एम्स और केंद्रीय विश्वविद्यालयों के ओपन सीट कोटे में एमबीबीएस के लिए ओपन जनरल वर्ग की अंतिम अलॉटेड रैंक 4,310 रही। इस रैंक पर आखिरी अलॉटेड कॉलेज अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी रहा। ओबीसी वर्ग में कटऑफ 4,382, ईडब्ल्यूएस में 5,492, एससी में 28,615 और एसटी में 44,940 रैंक तक गई।

दिल्ली यूनिवर्सिटी कोटे में ये रही रैंक

दिल्ली यूनिवर्सिटी कोटे में जनरल वर्ग के लिए अंतिम रैंक 7,403 रही। ओबीसी वर्ग में 14,954, ईडब्ल्यूएस में 14,880, एससी में 75,166 और एसटी वर्ग में 1,23,564 रैंक तक सीट आवंटित हुई।

IPU कोटे की कटऑफ भी सामने आई

आईपी यूनिवर्सिटी कोटे में जनरल वर्ग की कटऑफ 6,402 रैंक रही। ओबीसी वर्ग में 12,527, ईडब्ल्यूएस में 9,902, एससी में 61,656 और एसटी वर्ग में 1,24,759 रैंक तक सीट मिली।

ESIC कोटे में किस रैंक तक हुआ दाखिला?

ईएसआईसी कोटे की एमबीबीएस सीटों में ओपन जनरल वर्ग के लिए अंतिम रैंक 47,374 रही। ओबीसी में 50,728, ईडब्ल्यूएस में 50,764, एससी में 1,97,490 और एसटी वर्ग में 3,74,314 रैंक तक सीट आवंटित हुई।

पुदुचेरी कोटे में काफी नीचे तक गई रैंक

पुदुचेरी यूटी कोटे में जनरल वर्ग की अंतिम रैंक 25,541 रही। ओबीसी में 45,261, ईडब्ल्यूएस में 3,83,009, एससी में 1,92,929 और एसटी वर्ग में 8,66,952 रैंक तक सीट आवंटित की गई।

डीम्ड यूनिवर्सिटी में 11.94 लाख रैंक तक MBBS सीट

डीम्ड यूनिवर्सिटीज में राउंड-1 के दौरान सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को करीब 9,96,653 रैंक तक सीट मिली। ओबीसी वर्ग में यह रैंक 11,94,233 तक पहुंची। ईडब्ल्यूएस वर्ग में 9,83,455, एससी में 11,94,131 और एसटी वर्ग में 11,77,113 रैंक तक सीट आवंटित हुई।

एनआरआई सीटों पर करीब 9,94,000 रैंक तक अलॉटमेंट हुआ। वहीं एएमयू के एनआरआई कोटे में सीट आवंटन 11,28,128 रैंक तक पहुंचा।

 

Related posts