बहुउद्देशीय सेवा शिविर का हुआ सफल आयोजन…….

उन्नाव । शासन के निर्देशानुसार नगर पंचायत कार्यालय परिसर गंजमुरादाबाद में ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत बहुउद्देशीय सेवा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य नगरवासियों की समस्याओं का यथासंभव मौके पर समाधान कराना तथा पात्र नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।

शिविर में नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं आवश्यकताएं कर्मचारियों के समक्ष रखीं। नगर पंचायत के कर्मचारियों द्वारा नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों के आवेदन एवं आवश्यक प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया गया। शिविर में लोगों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज एवं प्रक्रिया के संबंध में जागरूक किया गया।

नगर पंचायत प्रशासन की ओर से नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। और बताया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप ऐसे शिविरों के माध्यम से सरकारी सेवाओं को आम नागरिकों के और अधिक करीब लाने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।नगरवासियों ने नगर पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित बहुउद्देशीय सेवा शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविरों से लोगों को कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिलती है और एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त हो जाती है।

Related posts