केन्या: उत्तरी केन्या के एक सुदूर पहाड़ी इलाके में बुधवार सुबह हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई, जिनमें पांच अमेरिकी नागरिक शामिल थे। केन्या नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के मुताबिक, हेलीकॉप्टर सुबह 9 बजकर 13 मिनट पर लोईसाबा संरक्षण क्षेत्र से सांबुरु काउंटी के इवासो नीरो इलाके की ओर उड़ान भर रहा था। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
हेलीकॉप्टर में सवार थे पांच अमेरिकी नागरिक
सांबुरु के पुलिस कमांडर डेविड नकोरोई ने बुधवार देर रात बताया कि हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों की जान चली गई। अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने भी पुष्टि की कि मृतकों में पांच अमेरिकी नागरिक थे। अमेरिकी दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और पीड़ितों के संबंध में राजनयिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
मृतकों की पहचान अभी नहीं हुई सार्वजनिक
हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की आधिकारिक पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। हालांकि, अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित मियामी के एक स्थानीय टेलीविजन चैनल की रिपोर्ट में दावा किया गया कि मृतकों में जोसे सुआरेज भी शामिल थे। 55 वर्षीय सुआरेज एनबीसी यूनिवर्सल के स्वामित्व वाले स्पेनिश भाषा के टेलीविजन नेटवर्क टेलीमुंडो के चैनलों के अध्यक्ष और महाप्रबंधक बताए गए हैं।
माउंट ओलोलोकवे के पास हुआ हादसा
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हेलीकॉप्टर लोकप्रिय पर्यटन स्थल माउंट ओलोलोकवे की तलहटी में स्थित एक दुर्गम इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हुआ। बताया गया है कि स्थानीय कंपनी लेडी लोरी हेलीकॉप्टर्स का हेलीकॉप्टर यात्रा कंपनी बियॉन्ड के मेहमानों को लेकर जा रहा था।
बचाव अभियान में लगाए गए दो हेलीकॉप्टर
हादसे के बाद खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया। स्थानीय सफारी संचालक ट्रॉपिक एयर केन्या ने अभियान में सहायता के लिए अपने दो हेलीकॉप्टर भेजे। नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर यूरोकॉप्टर ईसी130 बी4 था।
केन्या रेड क्रॉस की आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमें भी विभिन्न एजेंसियों के साथ चलाए जा रहे अभियान में शामिल हुईं। बचाव दल दुर्घटनास्थल तक पहुंचने के लिए प्रयासरत रहा।
फरवरी में भी हुआ था हेलीकॉप्टर हादसा
केन्या में इस साल फरवरी में भी एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना हुई थी। पश्चिमी केन्या के एक पहाड़ी इलाके में हुए उस हादसे में छह लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में एक सांसद भी शामिल था।
