नई दिल्ली: मध्य पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। ईरान के केश्म द्वीप पर अमेरिकी हमले के बाद तेहरान ने कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया। ईरान ने अमेरिकी रडार सिस्टम और ड्रोन को नुकसान पहुंचाने का दावा किया है। वहीं, अमेरिका का कहना है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने कई हमलों को नाकाम कर दिया। होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास जहाजों पर हमलों की खबरों ने भी क्षेत्र में तनाव बढ़ा दिया है।
केश्म द्वीप पर अमेरिकी हमले के बाद ईरान का पलटवार
मंगलवार शाम होर्मुज क्षेत्र में अमेरिकी लड़ाकू विमानों और ड्रोन की गतिविधियां बढ़ गई थीं। इसके कुछ समय बाद ईरान के केश्म द्वीप पर धमाकों की खबरें सामने आईं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, वहां मिसाइल लॉन्च पैड को निशाना बनाकर हमला किया गया। अमेरिका ने दावा किया कि इस कार्रवाई में ईरान का मिसाइल ठिकाना नष्ट कर दिया गया।
इस हमले के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। उसकी ओर से कुवैत और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए गए। रिपोर्ट के मुताबिक, इन हमलों का सिलसिला करीब छह घंटे तक चला। ईरान ने इस दौरान अमेरिकी ड्रोन गिराने और एयर डिफेंस रडार को नष्ट करने का भी दावा किया है।
कुवैत के अली अल सलेम एयरबेस को बनाया निशाना
ईरान के हमलों में कुवैत स्थित अली अल सलेम एयरबेस को निशाना बनाए जाने की खबर है। बताया गया कि एयर डिफेंस सिस्टम को कमजोर करने के लिए एक साथ कई ड्रोन भेजे गए। हमले में पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम और ड्रोन व मिसाइल लॉन्चिंग प्लेटफॉर्म को नुकसान पहुंचने का दावा किया गया है।
हालांकि, अमेरिका ने कुवैत में किसी बड़े नुकसान से इनकार किया है। उसके मुताबिक, एयर डिफेंस सिस्टम ने हमलों को रोकने में कामयाबी हासिल की। हमलों के दौरान इंटरसेप्टर मिसाइलों के इस्तेमाल की आवाजें भी सुनी गईं।
ईरान के लिए कुवैत और बहरीन में मौजूद ठिकानों को निशाना बनाना इसलिए भी आसान माना जा रहा है क्योंकि फारस की खाड़ी के नजदीक स्थित उसके तटीय ठिकानों और द्वीपों से मिसाइलें तथा ड्रोन कम दूरी तय करके इन क्षेत्रों तक पहुंच सकते हैं। इससे अमेरिकी सेना को हमलों का पता लगाने और उन्हें रोकने के लिए सीमित समय मिलता है।
बहरीन में अमेरिकी रडार सिस्टम पर हमले का दावा
बहरीन स्थित शेख ईसा एयरबेस पर भी ईरानी ड्रोन हमले की खबर है। रिपोर्ट के मुताबिक, वहां अमेरिकी रडार सिस्टम को निशाना बनाया गया। ईरान ने इसे नष्ट करने का दावा किया है। बताया जा रहा है कि इसी हमले के जवाब में अमेरिकी सेना ने केश्म द्वीप पर कार्रवाई की थी।
बुधवार तड़के ईरान ने एक बार फिर बहरीन के अल ईसा एयरबेस पर मौजूद अर्ली वार्निंग रडार सिस्टम को निशाना बनाने की कोशिश की। यह रडार फारस की खाड़ी में निगरानी करता है और ईरान की ओर से संभावित हमलों की चेतावनी देने में अहम भूमिका निभाता है। हालांकि, इस हमले को नाकाम किए जाने का दावा किया गया है।
अमेरिकी ड्रोन गिराने का ईरान का दावा
ईरान ने अपनी जवाबी कार्रवाई के साथ अमेरिकी ड्रोन को निशाना बनाने का भी दावा किया है। रिपोर्ट के अनुसार, केश्म द्वीप के पास एक MQ-1 ड्रोन को गिराया गया। इसके अलावा होर्मुज के ऊपर अमेरिकी ल्यूकस स्ट्राइक ड्रोन को भी मार गिराने की बात कही गई है। ईरान का दावा है कि वह अब तक 18 MQ-1 ड्रोन गिरा चुका है।
हालांकि, इन दावों और नुकसान की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है। ऐसे में अमेरिकी सैन्य ठिकानों और विमानों को हुए वास्तविक नुकसान का आकलन अभी स्पष्ट नहीं है।
होर्मुज में दो जहाजों पर हमले से बढ़ी चिंता
तनाव का असर होर्मुज जलडमरूमध्य और ओमान की खाड़ी के आसपास भी दिखाई दे रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, दो जहाजों को निशाना बनाया गया और उनमें आग लगने के वीडियो सामने आए हैं। बताया गया कि ओमान के तट के करीब इन जहाजों पर हमला हुआ।
एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के नौसैनिक कमांडो ने फास्ट-अटैक बोट और ड्रोन की मदद से दोनों जहाजों को घेरा और हमला किया। हालांकि, ईरानी सेना की ओर से दावा किया गया कि जहाजों में आग बारूदी सुरंगों से टकराने के कारण लगी। इस घटना ने समुद्री मार्ग की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
क्या ईरान पर फिर हमला करेगा अमेरिका?
कुवैत और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर हमलों के बाद अब निगाहें वॉशिंगटन की अगली कार्रवाई पर हैं। रिपोर्टों में दावा किया जा रहा है कि अमेरिकी सेना ईरान के मिसाइल ठिकानों और ड्रोन लॉन्चिंग केंद्रों को निशाना बनाने की तैयारी कर रही है। अमेरिकी लड़ाकू विमानों को संभावित कार्रवाई के लिए तैयार किए जाने की भी चर्चा है।
अमेरिकी पांचवें बेड़े की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। बताया जा रहा है कि अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर रूजवेल्ट के पहुंचने के बाद क्षेत्र में अमेरिकी नौसैनिक मौजूदगी मजबूत हुई है। हालांकि, ईरान पर किसी नए अमेरिकी हमले की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि हालिया घटनाक्रम के बाद दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव का खतरा बढ़ गया है। अमेरिका अपने सैन्य ठिकानों पर हुए हमलों का जवाब दे सकता है, जबकि ईरान पहले ही जवाबी कार्रवाई के संकेत दे चुका है। ऐसे में होर्मुज से लेकर फारस की खाड़ी तक बढ़ता तनाव पूरे मध्य पूर्व को बड़े संघर्ष की ओर धकेल सकता है।
