Kanwar Yatra 2026: बुलंदशहर में कांवड़ यात्रा को लेकर हाई अलर्ट, 13 मुख्य और 59 सहायक मार्ग तय, 1574 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी

बुलंदशहर: श्रावण मास की शुरुआत 30 जुलाई से होने जा रही है। इसे देखते हुए बुलंदशहर पुलिस ने कांवड़ यात्रा की तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू कर दी हैं। इस बार जिले में 13 प्रमुख कांवड़ मार्ग और 59 सहायक कांवड़ मार्ग चिन्हित किए गए हैं। इन सभी मार्गों की कुल लंबाई 1017 किलोमीटर होगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए कांवड़ मार्गों, शिवालयों, मंदिरों और गंगा स्नान घाटों पर 1574 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।

श्रावण मास के दौरान जिले की सातों तहसीलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगोत्री, हरिद्वार, ब्रजघाट, अनूपशहर समेत विभिन्न तीर्थस्थलों से पवित्र गंगाजल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और निगरानी व्यवस्था को पहले से अधिक मजबूत करने की तैयारी की है।

पिछले साल से बढ़ी सुरक्षा व्यवस्था

पिछले वर्ष जिले में 10 कांवड़ मार्ग चिन्हित किए गए थे और 1187 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इस बार प्रमुख कांवड़ मार्गों की संख्या बढ़ाकर 13 कर दी गई है। साथ ही 387 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे कुल संख्या 1574 हो जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इससे पूरे मार्ग की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक प्रभावी होगी।

1017 किलोमीटर में फैला कांवड़ मार्ग नेटवर्क

पुलिस के अनुसार, 13 प्रमुख कांवड़ मार्गों की कुल लंबाई 446 किलोमीटर है, जबकि 59 सहायक कांवड़ मार्गों की कुल लंबाई लगभग 571 किलोमीटर निर्धारित की गई है। इस तरह जिले में कांवड़ यात्रा के लिए कुल 1017 किलोमीटर का मार्ग नेटवर्क तैयार किया गया है।

ये हैं जिले के 13 प्रमुख कांवड़ मार्ग

  1. हापुड़ – गुलावठी – जैनपुर तिराहा – बुलंदशहर – भूड़ चौराहा – वलीपुरा – खुर्जा – अलीगढ़ मार्ग (61 किमी)
  2. गुलावठी – सिकंदराबाद मार्ग (18 किमी)
  3. लोंगा – चौकी सराय – नरसेना – नरेंद्रपुर – खंदौई – शफीनगर – दरावर – अंबकेश्वर मंदिर (49 किमी)
  4. लोंगा कट – हाजीपुर – छोटी नगर पुलिया – माकड़ी मार्ग (10 किमी)
  5. सुलेला – बुकलाना – मवई – गजरौला – चांसी – औरंगाबाद – अंबकेश्वर मंदिर (27 किमी)
  6. गढ़ – चौकी सराय – स्याना – औरंगाबाद – बुलंदशहर मार्ग (48 किमी)
  7. अनूपशहर – अहार – जहांगीराबाद – बुलंदशहर मार्ग (50 किमी)
  8. अनूपशहर – जहांगीराबाद मार्ग (18 किमी)
  9. अनूपशहर – छतारी – अलीगढ़ मार्ग (44 किमी)
  10. राजघाट – नरौरा – रामघाट – अतरौली मार्ग (39 किमी)
  11. अनूपशहर – मलकपुर बिबयाना – शिकारपुर मार्ग (27 किमी)
  12. चोला कट – गंगेरूआ – नेथला – चोला – ककोड़ – झाझर मार्ग (20 किमी)
  13. शिकारपुर – खुर्जा – पहासू अड्डा – रायचंदी गेट – जेवर अड्डा – जंक्शन चौकी – जहांगीरपुर मार्ग (35 किमी)

कट होंगे बंद, सादे कपड़ों में तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी

पुलिस प्रशासन ने कांवड़ मार्गों पर पड़ने वाले कट बंद कराने का निर्णय लिया है ताकि यात्रा के दौरान यातायात बाधित न हो। इसके अलावा मार्ग में लगने वाले भंडारों और शिविरों में पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा सकेगी और किसी भी स्थिति में तत्काल कार्रवाई संभव होगी।

एसएसपी ने दिए सुरक्षा के सख्त निर्देश

एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि शिवभक्तों को आवागमन और जलाभिषेक के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं। इस बार नए कांवड़ मार्गों के साथ अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक मजबूत बनाया गया है।

 

Related posts