भारत पहुंचीं जापान की प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति भवन में मिला गार्ड ऑफ ऑनर; आज पीएम मोदी संग होगी अहम शिखर वार्ता

नई दिल्ली: भारत दौरे पर आईं जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची का गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। इस दौरान उन्हें पारंपरिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ भी प्रदान किया गया। स्वागत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों और अन्य गणमान्य हस्तियों से जापानी प्रधानमंत्री का परिचय कराया।

भारत और जापान के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने वाली इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी जापानी समकक्ष के बीच आज 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन स्तर की वार्ता होगी।

बैठक में दोनों देश द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों की समीक्षा करेंगे और आर्थिक, तकनीकी, रक्षा तथा रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर विचार-विमर्श करेंगे। इसके अलावा क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी दोनों नेताओं के बीच व्यापक चर्चा होने की संभावना है।

जापान की ओर से भी इस यात्रा को लेकर उत्साह दिखाई दिया। नई दिल्ली पहुंचने के बाद जापानी पक्ष ने सोशल मीडिया के जरिए भारत के गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया और भारत यात्रा को लेकर अपनी खुशी जाहिर की।

इससे पहले बुधवार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने पालम टेक्निकल एयरपोर्ट पर जापानी प्रधानमंत्री का स्वागत किया था। उन्होंने कहा था कि भारत और जापान के बीच लगातार मजबूत हो रहे संबंधों के मद्देनजर यह यात्रा बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी जापानी प्रधानमंत्री की पहली भारत यात्रा का स्वागत करते हुए कहा कि वे दोनों देशों की विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए होने वाली चर्चाओं को लेकर उत्साहित हैं।

 

Related posts