
मिडिल ईस्ट की सुबह अक्सर धूप से नहीं, सायरन से शुरू होती है. 13 मार्च 2026 की सुबह भी कुछ ऐसी ही रही. मिसाइलों की आवाज, युद्धक विमानों की गूंज और सोशल मीडिया पर फैलती खबरों ने पूरी दुनिया को फिर याद दिला दिया कि यह संघर्ष सिर्फ सीमाओं का नहीं, पूरे भू-राजनीतिक संतुलन का युद्ध है.
ईरान, इजरायल, अमेरिका और लेबनान के बीच खिंची यह आग अब सिर्फ बयानबाजी तक सीमित नहीं रही. जमीन, आसमान और समुद्र… तीनों मोर्चों पर तनाव बढ़ चुका है.

लेबनान में इजरायल का जमीनी ऑपरेशन
इजरायली सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए लेबनान में सेना को ग्राउंड ऑपरेशन शुरू करने का आदेश दे दिया है. इस कदम के पीछे मुख्य कारण है ईरान समर्थित संगठन Hezbollah. पिछले कुछ दिनों से लेबनान की सीमा से इजरायली शहरों पर लगातार रॉकेट और मिसाइल हमले हो रहे थे.
इजरायल का तर्क साफ है “जब मिसाइलें सीमा पार से आ रही हैं, तो जवाब भी सीमा पार जाकर ही दिया जाएगा.”
यह ऑपरेशन सिर्फ सैन्य कार्रवाई नहीं है, बल्कि इजरायल की रणनीति का साफ संदेश है कि सीमा के उस पार भी सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा.
तेल अवीव पर मिसाइल हमला
तनाव का सबसे बड़ा संकेत तब मिला जब ईरान ने इजरायल के प्रमुख शहर Tel Aviv पर मिसाइलें दागीं. हालांकि इजरायली सेना Israel Defense Forces ने दावा किया कि अधिकांश मिसाइलों को हवा में ही इंटरसेप्ट कर दिया गया. शहर में सायरन गूंजते रहे.
सरकार ने नागरिकों से अपील की कि तुरंत शेल्टर में जाएं। सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करें। जब तक आधिकारिक सूचना न मिले, बाहर न निकलें। यह वही दृश्य है जो मिडिल ईस्ट में दशकों से बार-बार दोहराया जाता रहा है.

अमेरिका का संकेत: अभी जमीनी युद्ध नहीं
इस बीच अमेरिकी सांसद Lindsey Graham ने एक अहम बयान दिया. उन्होंने कहा कि अमेरिका को फिलहाल ईरान में जमीनी सैन्य कार्रवाई नहीं करनी चाहिए.
उनके मुताबिक यह युद्ध जल्दी खत्म नहीं होगा। आने वाले कुछ हफ्ते निर्णायक हो सकते हैं। अमेरिका का लक्ष्य ईरान की सैन्य क्षमता को सीमित करना है। सीधी भाषा में कहें तो अमेरिका फिलहाल दूरी से युद्ध की रणनीति अपना रहा है.
इराक में फ्रांसीसी सेना पर हमला
तनाव सिर्फ ईरान-इजरायल तक सीमित नहीं रहा. इराक के एरबिल इलाके में फ्रांस की सेना पर हमला हुआ, जिसमें एक सैनिक की मौत हो गई. फ्रांस के राष्ट्रपति Emmanuel Macron ने इसकी पुष्टि की. यह घटना इस बात का संकेत है कि यह संघर्ष अब क्षेत्रीय युद्ध का रूप ले सकता है.
युद्ध का सबसे दर्दनाक चेहरा
युद्ध की खबरों में अक्सर हथियार और रणनीति दिखाई देती है, लेकिन सबसे बड़ा नुकसान इंसानों का होता है. ईरानी मीडिया के मुताबिक हालिया हमलों में एक महिला टीचर नेदा अमीनी की मौत हो गई. दावा यह भी किया गया कि इस संघर्ष में अब तक करीब 2000 लोग मारे जा चुके हैं. युद्ध में सबसे पहले मरती है… इंसानियत.
क्या बढ़ेगा वैश्विक युद्ध का खतरा?
मिडिल ईस्ट का यह संघर्ष अब कई देशों को सीधे प्रभावित कर रहा है. लेबनान में जमीनी युद्ध। इजरायल पर मिसाइल हमले। ईरान के नेतृत्व पर रहस्य। इराक में विदेशी सैनिकों पर हमला। इन सबके बीच एक सवाल दुनिया के सामने खड़ा है
क्या यह संघर्ष सीमित रहेगा… या वैश्विक टकराव की चिंगारी बन जाएगा?
यूपी में यूं नहीं दौड़ेंगी Ola-Uber! रजिस्ट्रेशन, लाइसेंस के बिना टैक्सी नहीं चलेगी
