लखनऊ: हजरतगंज कोतवाली क्षेत्र के बालू अड्डा स्थित बैकुंठ धाम श्मशान घाट परिसर में मंगलवार सुबह 24 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान उमेश के रूप में हुई है। वह लकड़ी कारोबारी शिव कुमार का बेटा था। युवक के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान मिले हैं। उसके चेहरे, आंख और सीने पर भी गंभीर चोटें थीं। परिजनों ने साथ बैठकर शराब पीने वाले दो परिचितों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
काली मंदिर के पास पड़ा मिला शव
बालू अड्डा निवासी शिव कुमार बैकुंठ धाम परिसर में लकड़ी की टाल चलाते हैं और उनका परिवार भी वहीं रहता है। मंगलवार तड़के श्मशान घाट के कर्मचारी सफाई के लिए निकले तो नए प्लेटफॉर्म की पार्किंग के पास काली मंदिर के बगल में उमेश का क्षत-विक्षत शव पड़ा देखा। घटनास्थल पर खून बिखरा हुआ था।
शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। सूचना पर हजरतगंज कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोमवार शाम से लापता था उमेश
परिजनों के मुताबिक, उमेश श्मशान घाट पर पिता के काम में हाथ बंटाने के साथ नगर निगम के आरआर विभाग से जुड़े एक कर्मचारी के साथ बिजली का काम भी करता था। सोमवार दोपहर करीब दो बजे वह खाना खाने घर आया था। शाम लगभग 6:30 बजे वह आखिरी बार घर पर फूल देने पहुंचा था।
देर रात तक उमेश के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसे फोन किया, लेकिन उसने कॉल का जवाब नहीं दिया। रात करीब नौ बजे के बाद उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। परिवार उसकी तलाश कर ही रहा था कि मंगलवार सुबह श्मशान घाट परिसर में उसका शव मिलने की सूचना मिली।
राकेश और शेखर पर हत्या का आरोप
हजरतगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवानंद मिश्रा के अनुसार, पूछताछ के दौरान श्मशान घाट पर काम करने वाले एक कर्मचारी ने परिजनों को बताया कि घटना से पहले उमेश को राकेश सिंह और शेखर सिंह नाम के युवकों के साथ मंदिर के पास बैठकर शराब पीते देखा गया था।
परिजनों को आशंका है कि शराब पीने के दौरान किसी विवाद के बाद दोनों युवकों ने भारी वस्तु से उमेश के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने शिव कुमार की तहरीर के आधार पर राकेश सिंह और शेखर सिंह के खिलाफ हत्या से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
