उन्नाव।सदर के विधायक पंकज गुप्ता ने अपने कार्यकाल में क्षेत्र के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पार्क, पेयजल एवं मार्ग प्रकाश जैसी बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कराए हैं। उनका विकास दृष्टिकोण न केवल अवसंरचना को मजबूत करने वाला रहा, बल्कि आम नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने वाला भी सिद्ध हुआ है।
मार्ग प्रकाश की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक पंकज गुप्ता के प्रयासों से क्षेत्र में 300 सोलर स्ट्रीट लाइट एवं 600 स्ट्रीट लाइटों का अधिष्ठापन कराया गया। इससे रात के समय सड़कों पर आवागमन सुरक्षित हुआ है और महिलाओं, विद्यार्थियों तथा वृद्धजनों को बेहतर सुरक्षा का अहसास हुआ है।
शिक्षा को मिली नई गति
क्षेत्र की बेटियों के उच्च शिक्षा के सपनों को पंख देने हेतु राजकीय बालिका डिग्री कॉलेज की स्वीकृति कराकर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया गया। इसके साथ ही जीआईसी, जीजीआईसी, डीएसएन, डीवीडीटी सहित अन्य विद्यालयों में आवश्यक कक्षाओं, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था कराई गई, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा का वातावरण मिल सके।
स्वास्थ्य सेवाओं का उन्नयन
जिला अस्पताल में पर्ची काउंटर एवं पेयजल की व्यवस्था कराई गई, जबकि ट्रामा सेंटर को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु उन्नयन कार्य कराया गया। ये प्रयास आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को समय पर बेहतर इलाज तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध हुए हैं।
सांस्कृतिक एवं धार्मिक विकास
सिंगरोसी में सद्भावना मंडप के निर्माण से सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिला है। इसी प्रकार भगवान परशुराम मंदिर की स्थापना, मां कल्याणी प्रवेश द्वार का निर्माण तथा गदनखेड़ा बौद्ध विहार में विकास कार्य कराकर क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा को संवारा गया है।
शहीदों को श्रद्धांजलि
अमर शहीद शशिकांत तिवारी की स्मृति में अमर शहीद स्थल का निर्माण कराया गया, जो आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति एवं बलिदान की प्रेरणा देता रहेगा। साथ ही डूडा से सरदार वल्लभभाई पटेल की स्मृति में आवास विकास क्षेत्र में पार्क निर्माण कराया गया।
हरित एवं स्वच्छ शहर की ओर
गणेश पार्क, चोपड़ा पार्क, हनुमंत पार्क तथा आवास विकास कॉलोनी के पार्कों के सौंदर्यीकरण की स्वीकृति कराई गई। विशेष योजना के तहत अब्बासबाग पार्क, पन्नालाल पार्क एवं नागर मील पार्क सहित अनेक पार्कों का सौंदर्यीकरण कराया गया, जिससे नागरिकों को स्वच्छ, हरित एवं सुंदर सार्वजनिक स्थल मिले हैं।
डूडा, आवास विकास विभाग, यूएसडीए सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से विभिन्न वार्डों में लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग, नाली निर्माण, मार्ग प्रकाश एवं अन्य बुनियादी विकास कार्य कराए गए हैं। राजेपुर क्रॉसिंग मार्ग के निर्माण से यातायात की सुविधा में भी सुधार हुआ है।
सदर विधायक पंकज गुप्ता के ये प्रयास यह सिद्ध करते हैं कि सच्चा विकास वही है, जो जमीन से जुड़े मुद्दों का समाधान करे और हर वर्ग के नागरिक तक सुविधाएं पहुंचाए। शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य, सड़कों से लेकर पार्कों तक—क्षेत्र में विकास की एक सकारात्मक एवं दूरगामी तस्वीर उभर रही है।
