पति को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश, पत्नी ने खीर में मिलाईं नशे की 6 गोलियां; फिर प्रेमी ने ईंट से पीटकर की हत्या

लखनऊ: गोसाईंगंज क्षेत्र में तीन जुलाई की रात 36 वर्षीय श्रमिक रामतीरथ की हत्या के मामले में पुलिस की जांच में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। आरोप है कि रामतीरथ की पत्नी रामदुलारी ने उसे खीर में नशे की छह गोलियां मिलाकर खिला दीं। इसके बाद उसके भाई अवधेश और चचेरे भाई सरजीत ने रामतीरथ को सरजीत के घर ले जाकर ईंट से वार किया और कपड़े से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बोरे में भरकर बाराबंकी के सतरिख स्थित सूखी नहर में फेंक दिया गया था।

तीन जुलाई को लापता हुआ था रामतीरथ

मीसा गांव निवासी श्रमिक रामतीरथ तीन जुलाई को अचानक लापता हो गया था। इसके दो दिन बाद पांच जुलाई को उसका शव बाराबंकी के सतरिख क्षेत्र में सूखी नहर में पड़ा मिला। शव की पहचान नहीं हो सकी थी, इसलिए पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया था।

10 जुलाई को इंटरनेट मीडिया पर अज्ञात शव की फोटो देखकर रामतीरथ के पिता दयाराम ने उसकी पहचान अपने बेटे के रूप में की। इसके बाद उन्होंने अपनी बहू रामदुलारी, बेटे अवधेश और भतीजे सरजीत पर हत्या का शक जताया था।

पोस्टमार्टम में चेहरे पर चोट के निशान मिले

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रामतीरथ के चेहरे पर चोट के निशान मिले थे, हालांकि मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। जांच आगे बढ़ने पर हत्या की पूरी कड़ी सामने आई।

पुलिस की जांच के मुताबिक, तीन जुलाई की रात रामदुलारी ने पति रामतीरथ को खीर में नशे की छह गोलियां मिलाकर दी थीं। इसके बाद अवधेश रामतीरथ को अपने साथ लेकर सरजीत के घर पहुंचा।

ईंट से वार और कपड़े से मुंह दबाकर हत्या

पुलिस जांच में सामने आया कि सरजीत के घर पर आरोपितों ने रामतीरथ पर ईंट से वार किया। इसके बाद कपड़े से उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को ठिकाने लगाने की तैयारी की गई।

पांच जुलाई की तड़के अवधेश और सरजीत ने रामतीरथ के शव को बोरे में भरा। इसके बाद दोनों स्कूटी से शव को बाराबंकी के सतरिख स्थित सूखी नहर तक ले गए और वहां फेंक दिया।

महिला के सरजीत से अवैध संबंध की बात आई सामने

छानबीन के दौरान पुलिस को रामदुलारी और सरजीत के बीच अवैध संबंध होने की जानकारी मिली। इसी बिंदु को हत्या की वजह से जोड़कर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। मामले में बाराबंकी पुलिस ने रामदुलारी, अवधेश और सरजीत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

गोसाईंगंज में दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा

जांच के दौरान सामने आया कि रामतीरथ की हत्या बाराबंकी में नहीं, बल्कि गोसाईंगंज क्षेत्र में हुई थी। एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव के मुताबिक, जांच में हत्या का घटनास्थल गोसाईंगंज सामने आने के बाद मामले की विवेचना स्थानांतरित कर दी गई। अब गोसाईंगंज पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।

 

Related posts