मुंबई: मशहूर फिल्ममेकर इम्तियाज अली के घर इन दिनों जश्न का माहौल है। उनकी बेटी और फिल्ममेकर इदा अली ने अपने लंबे समय से बॉयफ्रेंड रहे कृष्ण अग्रवाल के साथ सगाई कर ली है। इम्तियाज अली ने सोशल मीडिया पर बेटी की सगाई की पहली तस्वीर साझा की है, जिसमें इदा और कृष्ण एक-दूसरे को अंगूठी पहनाते नजर आ रहे हैं। तस्वीर सामने आते ही कपल को बधाइयां मिलने का सिलसिला शुरू हो गया।
इम्तियाज अली ने दिखाई बेटी की सगाई की पहली झलक
इम्तियाज अली ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर इदा और कृष्ण की सगाई की तस्वीर साझा की। तस्वीर में इदा बेबी पिंक रंग की साड़ी में बेहद खूबसूरत नजर आ रही हैं, जबकि कृष्ण अग्रवाल ब्लैक शेरवानी में दिखाई दे रहे हैं। दोनों के चेहरे पर इस खास मौके की खुशी साफ नजर आ रही है।
तस्वीर में इदा और कृष्ण एक-दूसरे को अंगूठी पहनाते दिखाई दे रहे हैं। इम्तियाज ने इस खास तस्वीर को साझा करते हुए दोनों के लिए फैंस और चाहने वालों से आशीर्वाद मांगा। पोस्ट सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों और फैंस ने कपल को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।
जुलाई में कृष्ण ने किया था इदा को प्रपोज
इदा अली ने इससे पहले 12 जुलाई को सोशल मीडिया पर कृष्ण अग्रवाल के प्रपोज करने का वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में दोनों के रिश्ते के एक खास पड़ाव की झलक देखने को मिली थी। इदा ने अपनी एंगेजमेंट रिंग भी दिखाई थी।
इसके बाद से ही फैंस दोनों की शादी और सगाई को लेकर उत्सुक थे। इम्तियाज अली ने भी बेटी की सगाई को लेकर अपनी खुशी जाहिर की थी। उन्होंने एक बातचीत के दौरान इसे अपने लिए “सबसे बड़ी खुशी” बताया था। इम्तियाज ने यह भी बताया था कि कृष्ण ने इदा को प्रपोज करने से पहले उनसे बातचीत की थी।
कौन हैं कृष्ण अग्रवाल?
इदा अली के मंगेतर कृष्ण अग्रवाल 24 साल के हैं और एक हेज फंड में क्वांटिटेटिव रिसर्चर के तौर पर काम करते हैं। इदा और कृष्ण लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। दोनों को घूमने-फिरने का भी शौक बताया जाता है।
हालांकि, कपल ने अभी तक अपनी शादी की तारीख या इससे जुड़ी कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
पिता की राह पर फिल्ममेकिंग में करियर बना रहीं इदा
इम्तियाज अली की बेटी इदा ने भी अपने पिता की तरह फिल्ममेकिंग को ही करियर के तौर पर चुना है। उन्हें बचपन से ही कहानी कहने और फिल्में बनाने में दिलचस्पी रही है। महज 17 साल की उम्र में उन्होंने अपनी पहली शॉर्ट फिल्म ‘लिफ्ट’ का निर्देशन किया था।
इसके बाद इदा ने अमेरिका की चैपमैन यूनिवर्सिटी के डॉज कॉलेज ऑफ फिल्म एंड मीडिया आर्ट्स से फिल्ममेकिंग की पढ़ाई की। वह लेखक और निर्देशक के तौर पर कई प्रोजेक्ट्स से जुड़ी रही हैं। उन्होंने ‘माया’ और ‘उलझे हुए’ जैसे प्रोजेक्ट्स पर काम किया है। ‘उलझे हुए’ की कहानी उन्होंने अमेजन मिनीटीवी के लिए लिखी थी।
इदा ने अपनी दोस्त करीमा बैरी के साथ भी कई शॉर्ट फिल्मों पर काम किया है। 2026 में दोनों ‘ऑन अ व्हिम’ और ‘गुल’ जैसे शॉर्ट प्रोजेक्ट्स को लेकर साथ आईं। दोनों एक हिंदी फिल्मों पर आधारित पॉडकास्ट भी चलाती हैं और उन्होंने अपनी प्रोडक्शन कंपनी ‘ब्लू कर्टेन फिल्म्स’ भी शुरू की है।
इम्तियाज अली की हालिया फिल्म ने किया अच्छा कारोबार
बेटी की सगाई के बीच इम्तियाज अली अपने फिल्मी प्रोजेक्ट्स को लेकर भी चर्चा में हैं। उनकी हालिया फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में वेदांग रैना, शरवरी, दिलजीत दोसांझ और नसीरुद्दीन शाह नजर आए थे।
फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत की, लेकिन दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद इसकी कमाई में सुधार देखने को मिला। रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 70 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 99 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
फिलहाल इम्तियाज ने अपनी अगली फिल्म के नाम की घोषणा नहीं की है। हालांकि, एक इंटरव्यू में उन्होंने संकेत दिया था कि वह अपनी अगली फिल्म को दर्शकों के लिए एक तरह का ‘रिटर्न गिफ्ट’ बनाना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि उनके पास कुछ अच्छे विचार हैं, लेकिन अगली फिल्म को लेकर अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है।
