प्रचंड गर्मी का कहर! बांदा समेत 27 शहरों में पारा 45 डिग्री के पार, कई राज्यों में भीषण लू का अलर्ट जारी

लखनऊ: देशभर में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। उत्तर भारत से लेकर मध्य और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में सूरज की तपिश लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 20 मई को उत्तर प्रदेश के बांदा में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि देश के 26 अन्य शहरों में भी पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। भारतीय मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में दिल्ली समेत कई राज्यों में भीषण लू का असर जारी रहेगा। कुछ इलाकों में झुलसाने वाली गर्मी पड़ेगी तो कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना भी बनी हुई है।

दिल्ली-पंजाब समेत कई राज्यों में भीषण लू की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा के कई हिस्सों में 21 मई को तथा 24 से 26 मई के बीच लू से लेकर भीषण लू की स्थिति बन सकती है। वहीं विदर्भ में 21 से 23 मई तक तेज गर्म हवाएं चलने की आशंका है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 से 26 मई और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20 से 23 मई तक लू का असर बना रह सकता है। पंजाब में भी 22 और 23 मई को भीषण गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।

मध्य भारत से दक्षिण तक गर्मी का प्रकोप

मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में 21 से 25 मई के दौरान लू से लेकर भीषण लू चलने की संभावना जताई है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में 21 से 24 मई के बीच गर्म हवाएं चल सकती हैं। तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भी 21 से 24 मई तक भीषण गर्मी का असर देखने को मिलेगा। बिहार में 21 से 23 मई के बीच लू चलने का अनुमान है, जबकि राजस्थान में 21 से 26 मई तक तेज गर्मी पड़ सकती है। उत्तराखंड में भी 21 मई को लू का असर रहने की संभावना जताई गई है।

रात में भी नहीं मिलेगी गर्मी से राहत

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में 21 और 22 मई को रात के समय भी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। ओडिशा में 21 से 24 मई और विदर्भ में 21 मई को रात के तापमान में ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। वहीं तमिलनाडु, कराईकल और पुडुचेरी में 21 से 23 मई तक गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है। गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी 21 से 24 मई के बीच उमस लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है।

भीषण गर्मी के बीच कई इलाकों में भारी बारिश का अनुमान

एक तरफ देश के बड़े हिस्से में लू का कहर जारी है तो दूसरी तरफ कुछ राज्यों में भारी बारिश का पूर्वानुमान भी जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में इस सप्ताह तथा पूर्वी भारत में अगले पांच दिनों तक उष्ण लहर से लेकर भीषण उष्ण लहर की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में इस सप्ताह बारिश की गतिविधियां तेज रह सकती हैं। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत और उससे सटे पूर्वी राज्यों में 21 से 26 मई के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

अधिकतम तापमान को लेकर भी मौसम विभाग का अलर्ट

आईएमडी के अनुसार 21 मई को महाराष्ट्र के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि 22 से 26 मई के दौरान तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं देश के अन्य हिस्सों में भी 26 मई तक अधिकतम तापमान लगभग स्थिर रहने का अनुमान जताया गया है।

 

Related posts