झांसी (देवेश प्रताप सिंह राठौर): सर्किट हाउस सभागार में सांसद झांसी-ललितपुर अनुराग शर्मा की अध्यक्षता में कोर कमेटी की बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने सांसद सहित सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, सुरक्षित सड़कें, विद्युत आपूर्ति और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति समेत जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सांसद अनुराग शर्मा ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में सुरक्षित यातायात, पर्याप्त शुद्ध पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और बेहतर सड़कों की व्यवस्था सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।
पिछली बैठकों के फैसलों की हुई समीक्षा
जिलाधिकारी गौरांग राठी ने शासन के निर्देशों के तहत कोर कमेटी के संचालन की जानकारी दी। उन्होंने पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों पर अब तक हुई कार्रवाई की बिंदुवार जानकारी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के सामने रखी।
सांसद ने जनप्रतिनिधियों की ओर से भेजे जाने वाले पत्रों का समय से जवाब देने के निर्देश दिए, ताकि संबंधित समस्याओं का जल्द समाधान किया जा सके। आने वाले त्योहारों को देखते हुए गणेश पंडालों के आसपास पर्याप्त सफाई और पेयजल के लिए टैंकर उपलब्ध कराने को भी कहा गया।
ठेले और अतिक्रमण से जाम की समस्या पर जताई चिंता
सांसद अनुराग शर्मा ने जेल चौराहा से इलाइट, जीवनशाह और बीकेडी चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर ठेलों के कारण उत्पन्न हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज रोड पर वेंडरों के कारण अतिक्रमण और जाम की स्थिति की ओर भी अधिकारियों का ध्यान दिलाया।
लक्ष्मीबाई पार्क के पास किला चौकी क्षेत्र में ठेलों के चलते लोगों को हो रही दिक्कत पर भी चर्चा हुई। सांसद ने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए वहां ब्रेकर बनाए जाने का सुझाव दिया।
रबी सीजन से पहले खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर
सांसद ने आगामी रबी सीजन को देखते हुए किसानों को खाद की समस्या से बचाने के लिए अभी से कार्ययोजना तैयार करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि समितियों और सोसायटियों के माध्यम से किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने लेखपाल और ग्राम विकास अधिकारियों को नियमित रूप से गांवों में पहुंचने का सुझाव भी दिया, ताकि ग्रामीणों को प्रमाण पत्र बनवाने सहित अन्य सरकारी कार्यों में परेशानी न हो। भूमि पैमाइश से जुड़े मामलों में भी तत्काल कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
LOHH योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
विद्युत व्यवस्था की समीक्षा के दौरान सांसद ने (LOHH) विद्युत संयोजन से “छूटे हुए मजरे/घर” योजना का जनपद में व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं को अभी तक विद्युत संयोजन नहीं मिला है, वे आवेदन कर इसका लाभ प्राप्त कर सकें।
बैठक में मेडिकल कॉलेज तिराहे और शिवानी चौराहे पर निर्माणाधीन सेतु परियोजनाओं की प्रगति की भी जानकारी ली गई। परियोजना निदेशक ने बताया कि दोनों सेतु का निर्माण अक्टूबर तक पूरा हो जाएगा।
ट्रांसफार्मर की गुणवत्ता को लेकर विधायक ने जताई नाराजगी
विधायक बबीना राजीव सिंह परीछा ने अपने विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से खराब पड़े ट्रांसफार्मरों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। मरम्मत किए जा रहे ट्रांसफार्मरों की गुणवत्ता पर भी उन्होंने असंतोष जताते हुए कहा कि ठीक होने के बाद वे जल्द ही दोबारा खराब हो जाते हैं।
उन्होंने हर घर नल जल योजना के तहत क्षतिग्रस्त सड़कों को जल्द दुरुस्त कराने और प्रत्येक घर तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
त्योहारों में अनावश्यक रोक न लगाने और नशे के खिलाफ कार्रवाई पर जोर
विधायक सदर रवि शर्मा ने कहा कि त्योहारों का सीजन आने वाला है। गणेश प्रतिमाओं को ले जाने के दौरान डीजे आदि पर अनावश्यक रोक नहीं लगाई जानी चाहिए, ताकि त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।
उन्होंने स्कूलों और कॉलेजों के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कोरोना काल में सेवाएं देने वाले लोगों के स्वास्थ्य विभाग में समायोजन की प्रक्रिया में किसी भी पात्र व्यक्ति के छूटने न पाए, यह सुनिश्चित करने को कहा।
विधायक ने विभिन्न विभागों की ओर से क्षतिग्रस्त की गई सड़कों को जल्द बहाल कराने के निर्देश भी दिए, ताकि लोगों के आवागमन में परेशानी न हो।
फसल क्षति सर्वे और मुआवजे की मांग
विधायक गरौठा जवाहरलाल राजपूत ने अतिवर्षा से प्रभावित फसलों का जल्द सर्वे कराने और किसानों को मुआवजा दिलाने का सुझाव दिया। उन्होंने रबी सीजन से पहले समितियों के माध्यम से किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए तैयारी शुरू करने पर भी जोर दिया।
महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह ने सामूहिक विवाह आयोजनों को लेकर कल्याण विभाग से मिली शिकायतों पर हुई कार्रवाई की जानकारी देने का सुझाव दिया। उन्होंने जिला अस्पताल में निजी लोगों द्वारा दवा लिखे जाने के मामलों में कठोर कार्रवाई की मांग भी रखी।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, मेयर बिहारीलाल आर्य, विधायक नगर रवि शर्मा, विधायक गरौठा जवाहर लाल राजपूत, विधायक मऊरानीपुर डॉ. रश्मि आर्या, विधायक बबीना राजीव सिंह परीछा, सदस्य विधान परिषद रमा निरंजन, महानगर अध्यक्ष सुधीर सिंह और जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल मौजूद रहे।
इस अवसर पर नगर आयुक्त आकांक्षा राणा, जेडीए उपाध्यक्ष हिमांशु गौतम, मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनबाड, सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी, एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार, एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, एडीएम न्याय अरुण कुमार गौड़, एडीएम वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा, एडीएम नमामी गंगे योगेश कुमार, झांसी विकास प्राधिकरण के सचिव गौरव शुक्ला, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रजनीश गुप्ता सहित जल निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
