Delhi Weather Today: दिल्ली में बदलेगा मौसम, अगले 2 दिन बारिश के आसार; उमस से मिलेगी राहत

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। भारत मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को दिल्ली में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। रविवार को राजधानी के कई इलाकों में हुई बूंदाबांदी के बाद लोगों को उमसभरी गर्मी से कुछ राहत मिली, जबकि अगले दो दिनों में तापमान में भी गिरावट आने का अनुमान है।

रविवार को कई इलाकों में हुई हल्की बारिश

रविवार सुबह अधिकांश हिस्सों में तेज धूप रही, लेकिन दोपहर बाद कई इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई। आयानगर में 6.8 मिलीमीटर और रिज क्षेत्र में 3.0 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। सफदरजंग मौसम केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम था।

सोमवार और मंगलवार को बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को दिल्ली में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और कई स्थानों पर हल्की बारिश के एक-दो दौर देखने को मिल सकते हैं। मंगलवार को बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं तथा राजधानी के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

सोमवार को अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बारिश के चलते लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

47.5 डिग्री जैसी महसूस हुई गर्मी

रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे राजधानी का वास्तविक तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि आर्द्रता 70 प्रतिशत रहने और हवा की गति कम होने के कारण लोगों को 47.5 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी का एहसास हुआ। मौसम विभाग का मानना है कि आगामी बारिश के बाद इस स्थिति में सुधार आएगा।

दिल्ली की हवा फिलहाल संतोषजनक श्रेणी में

वायु गुणवत्ता के मोर्चे पर राहत की खबर है। ‘समीर’ ऐप के अनुसार रविवार सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 84 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। इसका मतलब है कि फिलहाल राजधानी की हवा सामान्य लोगों के लिए अपेक्षाकृत बेहतर बनी हुई है।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा में भी बारिश के आसार

दिल्ली से सटे नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी रविवार को कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। दोनों शहरों में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में सुबह 8 बजे तक 48 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने अगले छह दिनों तक हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहने का अनुमान है।

 

Related posts