लखनऊ: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री के चेहरे पर चल रही राजनीतिक चर्चाओं के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भाजपा के लिए कमल का फूल ही सब कुछ है। पार्टी इसी चुनाव चिह्न के साथ मैदान में उतरेगी और वह भी कमल के फूल पर ही चुनाव लड़ेंगे। बुधवार को एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में उन्होंने सपा-कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर जारी खींचतान पर भी तंज कसा।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गठबंधन के भी अपने धर्म, नियम, मान्यताएं और शिष्टाचार होते हैं। सपा और कांग्रेस के बीच जिस तरह की स्थिति दिखाई दे रही है, उससे दोनों दलों के तालमेल की हकीकत सामने आ रही है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि एक तरफ अपमानित किया जा रहा है और दूसरी तरफ सब कुछ सामान्य बताया जा रहा है।
सपा-कांग्रेस गठबंधन पर बोले- चुनाव से पहले ही विफल हो गई जोड़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दो लड़कों की जोड़ी चुनाव परिणाम आने के बाद विफल होती थी, लेकिन इस बार यह चुनाव से पहले ही नाकाम होती दिखाई दे रही है। दोनों दलों के बीच एक तरफ सीटों के बंटवारे को लेकर बैठकें हो रही हैं और दूसरी तरफ उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि इससे बड़ा अपमान क्या हो सकता है। योगी के मुताबिक, दोनों दलों के बीच शह और मात देने की राजनीति चल रही है।
विधायकों के टिकट कटने की आशंका पर उन्होंने कहा कि चुनाव समिति की संस्तुति के बाद संसदीय बोर्ड इस पर फैसला करता है। भाजपा की राजनीति जोड़ने की है, काटने की नहीं।
एनडीए में मतभेद की अटकलों को किया खारिज
एनडीए में सीटों के बंटवारे और सहयोगी दलों के बीच मतभेद की चर्चाओं को मुख्यमंत्री ने खारिज किया। उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल गठबंधन का हिस्सा हैं।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर योगी ने कहा कि उन्हें रामभक्तों से पहले माफी मांगनी चाहिए और अपनी पार्टी की गलती स्वीकार करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर उस समय सद्बुद्धि आ गई होती तो रामभक्तों पर गोली चलाने की नौबत नहीं आती।
सपा के सनातन धर्म के मुद्दे पर मुखर होने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दो नावों की सवारी खतरनाक होती है। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने उन्हें ऐसा रॉकेट बताया, जिसे लॉन्च करने की कोशिश होती है, लेकिन वह हर बार विफल हो जाता है।
घुसपैठियों के मुद्दे पर अखिलेश को घेरा
अखिलेश यादव की घुसपैठियों को लेकर की गई टिप्पणी पर पलटवार करते हुए योगी ने कहा कि वास्तविक घुसपैठिए सपा को अपने सगे-संबंधी नजर आते हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या उत्तराखंड के पानी और जवानों को भी घुसपैठिया कहा जाएगा?
मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव से उनकी कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। एक संन्यासी का दायित्व केवल मठ या गुफा में बैठना नहीं है, बल्कि देश और समाज के सामने चुनौती आने पर उसका मुकाबला करने के लिए खड़ा होना भी है।
बुलडोजर को बताया प्रदेश की ताकत, रोजगार का लक्ष्य भी बताया
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर योगी आदित्यनाथ ने बुलडोजर को प्रदेश की ताकत बताया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
रोजगार को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 जनवरी तक साढ़े दस लाख लोगों तक रोजगार पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति तुष्टिकरण की नहीं, बल्कि सबके संतुष्टिकरण की है। पार्टी का वोट बैंक हर राष्ट्रवादी नागरिक है।
