रायबरेली: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राहुल गांधी के मनुस्मृति संबंधी बयान को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। रायबरेली में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कांग्रेस पर देश के विभाजन, नागरिकों के कत्लेआम और लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया। योगी ने कहा कि कांग्रेस ने भारत बनाया नहीं, लेकिन बांटा जरूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत की विरासत को कोसना अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी उत्तर प्रदेश से बाहर जाते हैं तो प्रदेश और भारत से बाहर जाते हैं तो देश को अपमानित करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारतीय सेना से प्रमाण मांगते हैं और आतंक के खिलाफ देश की लड़ाई में ऐसे लोगों को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रोत्साहित करते हैं।
मनुस्मृति को लेकर राहुल गांधी पर निशाना
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने प्रभु राम के अस्तित्व पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कांग्रेस की लोकतंत्र के प्रति प्रतिबद्धता पर सवाल उठाते हुए आपातकाल का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने महाराष्ट्र में महिलाओं से मनुस्मृति के बंधन से बाहर निकलने की बात कही थी।
इसके जवाब में योगी ने राहुल गांधी को मनु के बारे में जानने के लिए अथर्ववेद और मत्स्य पुराण पढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में मां, बहन, पत्नी या बेटी के रूप में किसी न किसी महिला का संरक्षण और योगदान होता है।
विपक्ष पर वर्तमान पीढ़ी को भटकाने का आरोप
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल शहरी नक्सलियों के हाथों देश की वर्तमान पीढ़ी को बर्बाद करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि रायबरेली ने एक परिवार को लंबे समय तक ढोया, लेकिन इसी परिवार ने क्षेत्र के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया।
प्रधानमंत्री के बारे में की गई अपमानजनक टिप्पणी का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि भारत की एक संस्था हैं। उनके मुताबिक किसी संवैधानिक संस्था को निशाना बनाना देश की व्यवस्था का अपमान है।
राहुल गांधी से गैर जिम्मेदाराना हरकतों से बचने की अपील
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यदि देश की संस्थाओं को कटघरे में खड़ा किया जाएगा तो भारत का हर नागरिक कटघरे में खड़ा होगा। उन्होंने राहुल गांधी से गैर जिम्मेदाराना हरकतों से बचने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में राहुल गांधी लोकतंत्र के प्रति जवाबदेह हैं और उन्होंने संविधान की शपथ ली है।
राणा बेनी माधव बख्श सिंह की जयंती में शामिल हुए योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इससे पहले 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अमर नायक और ‘अवध केसरी’ राणा बेनी माधव बख्श सिंह की 222वीं जयंती पर आयोजित ‘भाव समर्पण समारोह’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने करीब 21 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित सभागार का लोकार्पण किया। इसके बाद राणा चौक पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
