उन्नाव”बांगरमऊ”(देवेश प्रताप सिंह राठौर): नगर के माढापुर मार्ग पर कल्याणी नदी पुल के निकट बरसाती पानी से सड़क के दोनों किनारे क्षतिग्रस्त हो गए हैं। सड़क किनारे मिट्टी कट जाने से मार्ग संकरा और असुरक्षित हो गया है। इससे पैदल आवागमन करने वाले लोगों के साथ ही दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि बांगरमऊ से बरुआ घाट मार्ग की लंबाई लगभग 8 किलोमीटर है। अभी हाल में ही इस मार्ग का चौड़ीकरण किया गया है। कटरी क्षेत्र के दर्जनों गांव इसी मार्ग से जुड़े हुए हैं। कल्याणी नदी पुल के निकट सड़क के दोनों ओर की मिट्टी बरसाती पानी से बह गई। जिससे सड़क क्षतिग्रस्त होकर सकरी हो गई है। नागरिकों का कहना है कि क्षतिग्रस्त हिस्से के कारण राहगीरों को हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। लोगों के अनुसार सड़क के किनारे कटाव बढ़ने से किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है। नागरिकों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर क्षतिग्रस्त सड़क के दोनों किनारों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके और संभावित हादसे को टाला जा सके।
