वंदे मातरम पर कांग्रेस का बड़ा ऐलान, पार्टी कार्यक्रमों में सिर्फ दो पैरा गाए जाएंगे; BJP ने 90 साल पुरानी गलती दोहराने का लगाया आरोप

नई दिल्ली: राष्ट्रगीत वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच विवाद तेज हो गया है। कांग्रेस ने साफ किया है कि पार्टी के कार्यक्रमों में वंदे मातरम के केवल दो पैरा गाए जाएंगे। कांग्रेस नेता बीके हरिप्रसाद ने कहा कि सरकारी कार्यक्रमों में लागू नियमों का पालन किया जाएगा, लेकिन पार्टी के अपने कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत के दो ही अंतरे गाए जाएंगे। बीजेपी ने कांग्रेस के इस फैसले पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी 90 साल पुरानी गलती को फिर दोहरा रही है।

कांग्रेस के कार्यक्रमों में दो ही पैरा गाने का फैसला

कांग्रेस नेता बीके हरिप्रसाद ने कहा कि सरकारी कार्यक्रमों में पार्टी कानून का पालन करेगी और वहां वंदे मातरम के सभी छह पैरा गाए जाएंगे। हालांकि, कांग्रेस के अपने कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत के केवल दो अंतरे ही गाए जाएंगे।

दरअसल, संसद के पिछले सत्र में सरकार ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम के सभी छह पैरा गाने से संबंधित कानून पारित किया है। इसमें राष्ट्रगीत के अपमान पर तीन साल तक की सजा का प्रावधान होने की बात कही गई है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकार को जो कार्रवाई करनी है, वह कर सकती है, लेकिन पार्टी अपने कार्यक्रमों में वही दो पैरा गाएगी, जो करीब 90 वर्षों से गाए जाते रहे हैं।

खरगे के कार्यक्रम में भी गाए गए थे दो पैरा

गोवा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम के दौरान भी वंदे मातरम के छह में से केवल दो पैरा गाए गए थे। बीजेपी ने इसे मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा था। इसके बाद कांग्रेस ने पार्टी के कार्यक्रमों में दो ही पैरा गाने का अपना रुख स्पष्ट कर दिया।

खरगे ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि कांग्रेस को बीजेपी से देशभक्ति सीखने की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि महात्मा गांधी से लेकर सरदार पटेल तक स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान जिन नेताओं ने वंदे मातरम के दो पैरा गाए, क्या उन्हें भी देशद्रोही कहा जाएगा।

इससे पहले स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले पर पूरा वंदे मातरम गाया गया था। कांग्रेस कार्यालय में ध्वजारोहण के दौरान वंदे मातरम बजाए जाने के समय सोनिया गांधी के इसे बीच में रोकने की कोशिश करने का दावा भी बीजेपी की ओर से किया गया था।

BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना

बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस के फैसले पर हमला करते हुए कहा कि पार्टी 90 साल पहले मुस्लिम लीग के दबाव में की गई गलती को अब मुस्लिम वोटों के लिए दोहरा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इसका राजनीतिक खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

वहीं महाराष्ट्र कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नाना पटोले ने बीजेपी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी कांग्रेस को देशभक्ति का पाठ न पढ़ाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता वही करेंगे, जो पार्टी का शीर्ष नेतृत्व तय करेगा। उनके मुताबिक केवल कानून बनाने से सब कुछ नहीं बदल जाता।

वंदे मातरम को लेकर क्या है विवाद?

वंदे मातरम की रचना बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने की थी। यह गीत स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान देशभक्ति के प्रमुख गीतों में शामिल रहा और भारत माता की वंदना के रूप में इसे देखा गया।

बीजेपी का कहना है कि वंदे मातरम का विरोध करना उचित नहीं है और संसद की ओर से पूरा राष्ट्रगीत गाने का नियम बनाए जाने के बाद सभी को इसका पालन करना चाहिए। वहीं कांग्रेस का कहना है कि पार्टी के अपने कार्यक्रमों में दो पैरा गाने की परंपरा जारी रखी जाएगी।

 

Related posts