नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई से पहले देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मानसूनी गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 24 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। इनमें 18 से अधिक राज्यों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। तटीय और पश्चिमी क्षेत्रों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार गुजरात में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक और महाराष्ट्र व गोवा में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
यूपी में कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां सीमित रहने का अनुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
बिहार में 23 सितंबर से बढ़ेगी बारिश
बिहार में 22 सितंबर को मौसम मिला-जुला रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, 23 सितंबर से मानसूनी गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
24 और 25 सितंबर को बिहार के कई जिलों में मूसलाधार बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-NCR में मौसम रहेगा मुख्य रूप से साफ
दिल्ली में मंगलवार को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
दिन के समय 15 से 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
उत्तराखंड में 26-27 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी
उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 26 और 27 सितंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बहुत भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
राजस्थान में फिलहाल शुष्क रहेगा मौसम
राजस्थान में 22 सितंबर को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में धूप खिल सकती है। जयपुर और कोटा समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
हालांकि, पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मानसून
मध्य प्रदेश के कई जिलों में 22 सितंबर से मानसून के फिर सक्रिय होने का अनुमान है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर समेत कई इलाकों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
महाराष्ट्र-गुजरात में तेज हवाओं के साथ बारिश
महाराष्ट्र और गोवा में मंगलवार को भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। तटीय इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
वहीं गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।
झारखंड, बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर में भी बारिश
झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के साथ पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
