गोरखपुर हादसे पर अखिलेश यादव का पलटवार, योगी के आरोपों को बताया ‘निम्नस्तरीय राजनीति’; जांच और मदद का दिया भरोसा

गोरखपुर: बैकहो लोडर की चपेट में आने से किशोर की मौत के मामले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आरोपों पर जवाब दिया है। गुरुवार शाम वीडियो जारी कर उन्होंने कहा कि घटनास्थल के वीडियो में न तो कोई रोड शो दिखाई दे रहा है और न ही रैली। इसके बावजूद मुख्यमंत्री बिना किसी सबूत के दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं।

अखिलेश यादव ने इसे निम्नस्तरीय राजनीति करार देते हुए हादसे की उच्चस्तरीय जांच कराने और पूरी सच्चाई सामने लाने की मांग की।

पीड़ित परिवार के प्रति जताई संवेदना

अखिलेश ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि हादसे में एक मासूम की मौत से सभी आहत हैं। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को परिवार से मिलकर हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा बनाना पीड़ित परिवार के साथ अन्याय है। एक बच्चे को खोने का दर्द केवल उसके परिजन ही समझ सकते हैं। ऐसे समय में संवेदनशीलता दिखाने के बजाय राजनीति करने वाले लोग परिवार की पीड़ा को नहीं समझ रहे हैं।

लखनऊ अग्निकांड का भी किया जिक्र

अखिलेश यादव ने हादसे पर राजनीति करने वालों को लखनऊ अग्निकांड की घटना भी याद दिलाई। उन्होंने कहा कि उस घटना में एक युवा की मौत के बाद उसकी दुखी मां के साथ दुर्व्यवहार किया गया था और उन्हें धमकी दी गई थी। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि शोक जताने का दिखावा करने वालों का स्वांग जनता समझ चुकी है।

उन्होंने दोहराया कि इस हादसे में राजनीति करने के बजाय पीड़ित परिवार के दुख को समझने और घटना की निष्पक्ष जांच कराने की जरूरत है।

Related posts