यूपी चुनाव से पहले अखिलेश यादव को मिली मजबूती, पूर्व भाजपा सांसद राजपाल सैनी समेत कई नेता सपा में शामिल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी का कुनबा लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को पूर्व भाजपा सांसद राजपाल सैनी, पूर्व सांसद श्यामाचरण गुप्ता के बेटे विदुप अग्रहरि समेत कई दलों के नेताओं ने सपा की सदस्यता ग्रहण की। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी में शामिल हुए सभी नेताओं का स्वागत किया।

अखिलेश बोले- अभी कई विधायकों का आना बाकी

अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी में नए लोगों के शामिल होने की शुरुआत हुई है और अभी कई विधायकों का आना बाकी है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि कुछ नेता फिलहाल तोलमोल में लगे हैं। जब उन्हें लगेगा कि सब ठीक है, तब वे भी सपा में शामिल हो जाएंगे।

अखिलेश ने कहा कि टिकट बंटवारे में जेनजी को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा और नौजवानों को अवसर मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी में लोगों को जोड़ने के साथ उन्हें मनाने का काम भी किया जाएगा।

भाजपा, बसपा और दूसरे दलों के नेता सपा में आए

सपा में शामिल होने वालों में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य और शामली निवासी हरवीर मलिक, पूर्व सांसद श्यामाचरण गुप्ता के पुत्र विदुप अग्रहरि, बदायूं के भाजपा नेता रवि प्रताप सिंह और पूर्व सांसद राजपाल सैनी शामिल हैं।

इसके अलावा पूर्व मंत्री रियाज अहमद के पुत्र शाने अली, जो पीलीभीत विधानसभा सीट से बसपा के प्रत्याशी रह चुके हैं, गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र से बसपा के पूर्व प्रत्याशी ठाकुर नंद किशोर पुंडीर और पश्चिमी यूपी में आजाद समाज पार्टी के प्रभारी कमल गौतम ने भी सपा की सदस्यता ली।

शामली के निषाद पार्टी नेता शोकेंद्र आचार्य, राष्ट्रीय लोकदल से जुड़े संजीव प्रधान, राजेंद्र मलिक, बिजेंद्र मलिक और शुभम मलिक भी समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। खतौली विधानसभा सीट से पूर्व प्रत्याशी सिवान सैनी ने भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

शिवपाल बोले- 2027 में अखिलेश के नेतृत्व में बनेगी सरकार

सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि पिछले कई दिनों से प्रदेश के अलग-अलग जिलों के प्रभावशाली लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी का कारवां तेजी से आगे बढ़ रहा है।

शिवपाल ने कहा कि 2027 में प्रदेश की जनता, किसान, गरीब और नौजवान अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाएंगे। उन्होंने राजपाल सैनी समेत पार्टी में शामिल हुए सभी नेताओं का स्वागत किया।

मुजफ्फरनगर के सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि उत्तर प्रदेश का कमेरा वर्ग, पीडीए, किसान, नौजवान और छात्र समाजवादी पार्टी तथा अखिलेश यादव से उम्मीद लगाए हुए हैं।

इकरा हसन ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

कैराना से सपा सांसद इकरा हसन ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में किसान, छात्र, नौजवान, मजदूर और व्यापारी सभी परेशान हैं। उनके मुताबिक, पीडीए और किसान भाजपा के कथित अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ एकजुट हो रहे हैं।

इकरा हसन ने दावा किया कि इस बार विधानसभा चुनाव में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से सपा को सबसे ज्यादा सीटें मिलेंगी और अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनेगी।

वहीं, पूर्व सांसद राजपाल सैनी ने कहा कि जनता भाजपा सरकार से ऊब चुकी है और अखिलेश यादव दोबारा मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।

Related posts