नहाते समय बाढ़ के पानी में डूबने से एक बालक की मौत

उन्नाव। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम डहन में मंगलवार सुबह घर के सामने भरे बाढ़ के पानी में नहाते समय मासूम बालक गहरे पानी में डूब गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बेहोशी की हालत में बाहर निकाला और आनन-फानन स्थानीय सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।


ग्राम डहन निवासी पूरन का पुत्र ऋतिक मंगलवार सुबह घर के सामने भरे बाढ़ के पानी में नहा रहा था। बताया गया कि नहाते समय अचानक उसका पैर गहरे पानी में चला गया और वह डूबने लगा। बालक को डूबता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया और तत्काल पानी में उतरकर उसकी तलाश शुरू कर दी।

काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने ऋतिक को पानी से बाहर निकाला। उस समय वह बेहोशी की हालत में था। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल यहाँ के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। ऋतिक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां सरोजनी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं बड़े भाई नितिन और छोटे भाई हर्षित भी गम में डूबे हैं। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

Related posts