ब्रजेश पाठक जहां से लड़ेंगे चुनाव, वहीं अलंकार अग्निहोत्री देंगे चुनौती; पूर्व पीसीएस अफसर का बड़ा ऐलान

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के खिलाफ बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। पीसीएस सेवा से इस्तीफा देने के बाद राजनीति में सक्रिय हुए अग्निहोत्री ने साफ कहा है कि ब्रजेश पाठक जिस भी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, वह भी उसी क्षेत्र से मैदान में उतरेंगे। उनके इस ऐलान के बाद प्रदेश की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है।

फिलहाल ब्रजेश पाठक लखनऊ कैंट विधानसभा सीट से विधायक हैं। हालांकि, अलंकार अग्निहोत्री ने अपनी चुनौती को किसी एक सीट तक सीमित नहीं रखा है। उनका कहना है कि डिप्टी सीएम जहां से चुनाव लड़ेंगे, वहीं वह भी उनके सामने प्रत्याशी होंगे।

ब्राह्मण समाज से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरा

अलंकार अग्निहोत्री ने ब्राह्मण समाज से जुड़े मुद्दों और अपराध की घटनाओं को लेकर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज से जुड़े संवेदनशील मामलों में सरकार और नेतृत्व की ओर से अपेक्षित तरीके से आवाज नहीं उठाई गई। उन्होंने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए हैं।

अलंकार ने सोशल मीडिया पर एक सर्वे भी शुरू किया है। इसमें उन्होंने ब्रजेश पाठक के साथ अपना नाम शामिल कर लोगों से पूछा है कि वे दोनों में से किसे चुनेंगे।

राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के बैनर तले चुनाव लड़ने की तैयारी

अलंकार अग्निहोत्री ने ‘राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा’ के नाम से राजनीतिक संगठन बनाया है। इसी संगठन के बैनर तले वह 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए लगातार संगठनात्मक बैठकें की जा रही हैं और पार्टी की ओर से चुनाव को लेकर घोषणाएं भी की जा रही हैं।

40 सीटों के लिए संभावित प्रत्याशियों की सूची जारी

राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा ने विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए शुरुआती तौर पर 40 सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की है। हालांकि, पार्टी ने इस सूची में शामिल नामों को संभावित प्रत्याशी बताया है। यानी अभी इन्हें अंतिम उम्मीदवार घोषित नहीं किया गया है।

कौन हैं अलंकार अग्निहोत्री?

मूल रूप से कानपुर के रहने वाले अलंकार अग्निहोत्री ने आईआईटी बीएचयू से बीटेक की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने करीब दस साल तक सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में काम किया और फिर सिविल सेवा में आए। वह 2019 बैच के पीसीएस अधिकारी रहे हैं।

प्रशासनिक सेवा के दौरान उन्होंने लखनऊ, उन्नाव और बलरामपुर समेत कई जिलों में उपजिलाधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभाली। बाद में उनकी तैनाती बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट के पद पर हुई।

26 जनवरी को इस्तीफे के ऐलान के बाद आए थे चर्चा में

अलंकार अग्निहोत्री इसी साल 26 जनवरी को अपने पद से इस्तीफा देने के ऐलान के बाद चर्चा में आए थे। उन्होंने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए नियमों और प्रयागराज माघ मेले में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद तथा उनके बटुकों के साथ हुए कथित अपमान के विरोध में इस्तीफा देने की घोषणा की थी।

इसके बाद उनके खिलाफ निलंबन और जांच की प्रक्रिया शुरू हुई। मंडलायुक्त स्तर से जांच रिपोर्ट शासन को भेजे जाने के बाद उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई और बर्खास्तगी की संभावना भी बनी हुई है। इस्तीफे और निलंबन से जुड़े घटनाक्रम के बाद उन्होंने राजनीतिक संगठन बनाकर 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है।

Related posts