कमलावती हॉस्पिटल में लगा विशाल निःशुल्क कैंसर जांच शिविर, 15 मरीजों की हुई जांच….

मेदांता हॉस्पिटल लखनऊ और कमलावती हॉस्पिटल के संयुक्त सहयोग से हुआ आयोजन, कैंसर के प्रति जागरूकता और समय पर जांच का दिया संदेश

उन्नाव । जनसेवा और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेदांता हॉस्पिटल लखनऊ एवं कमलावती हॉस्पिटल उन्नाव के संयुक्त सहयोग से आवास विकास कॉलोनी स्थित कमलावती हॉस्पिटल में विशाल निःशुल्क कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 15 मरीजों की कैंसर संबंधी निःशुल्क चिकित्सकीय जांच की गई।

शिविर में मेदांता हॉस्पिटल लखनऊ की कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. रेशम श्रीवास्तव ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। शिविर का मुख्य उद्देश्य कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करना और समय रहते बीमारी की पहचान सुनिश्चित करना रहा।

इस अवसर पर कमलावती हॉस्पिटल के संस्थापक डॉ. एसके वर्मा एवं डॉ. आंचल वर्मा ने बताया कि अस्पताल का उद्देश्य केवल चिकित्सा सेवाएं देना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं और भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम जारी रहेंगे।

उन्होंने कहा कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई में जागरूकता और समय पर जांच बेहद महत्वपूर्ण है। शुरुआती अवस्था में बीमारी की पहचान होने पर उचित उपचार से मरीजों के बेहतर होने की संभावनाएं बढ़ जाती हैं। इसलिए लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना चाहिए और शरीर में दिखाई देने वाले असामान्य लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

शिविर के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ मिला। कमलावती हॉस्पिटल की यह पहल स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा की दिशा में एक सराहनीय कदम मानी जा रही है।

Related posts