झांसी। थाना सीपरी बाजार के गोविंदपुरी मोहल्ले में एक मकान में दो शव होने की सूचना प्राप्त हुई थी। इस सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां विश्वनाथ पाल तथा उनकी पत्नी भुवन देवी के मृत शव वहां मिले थे। तत्समय इसमें संबंधित उच्चाधिकारियों द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा सभी विधिक प्रक्रियाएं पूर्ण की गई थीं तथा पोस्टमार्टम कराया गया तो उसकी रिपोर्ट में यह अंकित था कि दोनों ही शवों के माथे तथा चिन एरिया पर लगभग एक समान चोटें आई थीं और उन्हीं के कारण मृत्यु की संभावना उसमें अंकित थी।
इसी विवेचना के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, द्वारा घटना के खुलासे के लिए कई टीम इसमें कार्य कर रही थीं। इसी क्रम में विवेचना के क्रम में राज्य मेडिकोलीगल शाखा लखनऊ से मेडिकोलीगल ओपिनियन प्राप्त करने के लिए पत्राचार किया गया था, जिसके क्रम में वैज्ञानिकों की टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा निरीक्षण करने के उपरांत मेडिकोलीगल ओपिनियन दी गई, जिसमें यह अंकित है कि- यह संभव है कि घटनास्थल पर जो कमरा था उसमें जो एग्जॉस्ट फैन लगा हुआ था उसके ब्लेड गिरने के कारण आई चोटों से मृत्यु हुई हो, ऐसी संभावना है। फिर भी पुलिस को यदि कोई विपरीत साक्ष्य मिलता है तो पुलिस उस पर जांच कर सकती है। किंतु अभी तक की विवेचना से कोई अन्य विपरीत साक्ष्य पुलिस को प्राप्त नहीं हुआ है और न ही फोर्स्ड एंट्री का कोई सबूत घटनास्थल से प्राप्त हुआ है। इस प्रकरण में प्राप्त मेडिकोलीगल ओपिनियन के आलोक में अग्रिम विधिक कार्यवाही पूरी की जा रही है।
