भोपाल: भगवान श्रीकृष्ण को लेकर पंडित धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है। अब योग गुरु बाबा रामदेव ने भी इस मामले में खुलकर नाराजगी जताई है। झारखंड के जमशेदपुर में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मंच से धीरेंद्र शास्त्री को पाखंडी तक कह दिया। रामदेव ने कहा कि देवी-देवताओं की तुलना करना और उनके बारे में मर्यादा से हटकर टिप्पणी करना उचित नहीं है।
‘अरे तेरी मति मारी गई पाखंडी’
दरअसल, पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान कृष्ण को लेकर टेढ़े-मेढ़े शब्दों का इस्तेमाल किया था। इस बयान के बाद विवाद खड़ा हो गया। बाबा रामदेव ने जमशेदपुर में कार्यक्रम के दौरान इसी मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पहले देवी-देवताओं की तुलना की गई और फिर माफी मांग ली गई। इसके बाद बांके बिहारी के दरबार में जाकर मत्था भी टेक लिया, लेकिन फिर भी कहा जा रहा है कि कृष्ण तो टेढ़े ही हैं।
इस पर नाराजगी जताते हुए रामदेव ने मंच से कहा, ‘अरे तेरी मति मारी गई पाखंडी।’
‘हम जानबूझकर बोल रहे हैं’
बाबा रामदेव ने कहा कि वह जानबूझकर ऐसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं, ताकि लोगों तक उनकी बात पहुंचे। उन्होंने कहा कि समाज में किसी को भी हल्की और मर्यादा से बाहर की बात कहने का अधिकार नहीं है। हर बात की एक मर्यादा होती है। देवी-देवताओं के बीच तुलना नहीं करनी चाहिए और हंसी-मजाक में भी अपनी अवतारी सत्ताओं का अपमान नहीं करना चाहिए।
‘नहीं समझे तो मंच से टोकना पड़ता है’
रामदेव ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति ऐसी टिप्पणी करता है तो पहले उसे समझाने का प्रयास किया जाता है। अगर वह नहीं समझता तो मंच से बोलना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कल को कोई यह न कहे कि स्वामी रामदेव के रहते हुए कोई व्यक्ति सनातन के नाम पर पाखंड कर रहा था और उन्होंने उसे टोका तक नहीं। इसलिए उन्होंने मंच से इस मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखी है।
उन्होंने कहा कि लोगों को पता होना चाहिए कि सनातन के नाम पर ढोंग, आडंबर और पाखंड नहीं किया जा सकता। ऐसी बातें सुनकर उनके भीतर पीड़ा और विक्षोभ होता है। रामदेव ने यह भी कहा कि वे साधु हैं और कभी विक्षिप्तता वाली बातें नहीं करेंगे।
बांके बिहारी मंदिर में नाक रगड़ने के बाद भी बयान पर विवाद
यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है, जब कुछ दिन पहले ही बाबा रामदेव ने कुंडा में आयोजित राम कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री के साथ मंच साझा किया था। वहीं, धीरेंद्र शास्त्री एक दिन पहले ही वृंदावन पहुंचे थे, जहां उन्होंने बांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए और नाक रगड़कर प्रणाम किया था। इसके बावजूद भगवान कृष्ण को लेकर उनकी टिप्पणी पर विवाद जारी है।
धीरेंद्र शास्त्री के बयान को लेकर यादव महासभा भी पहले से विरोध जता रही है। अब बाबा रामदेव की सार्वजनिक नाराजगी के बाद यह मामला और चर्चा में आ गया है।
