लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर जमीन विवाद को लेकर सनसनीखेज वारदात सामने आई। कटरा बक्कास गांव में जमीन की पैमाइश को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने प्रॉपर्टी डीलर नईम पर लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। आरोपी ने चार गोलियां चलाईं, जिनमें तीन नईम के सीने के नीचे दाहिनी तरफ लगीं। गंभीर रूप से घायल नईम को तत्काल मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है।
जमीन पर निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, प्रॉपर्टी डीलर नईम ने कटरा बक्कास गांव में जमीन खरीदी थी और सोमवार को उस पर निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी दौरान आलमबाग निवासी सरदार सुखविंदर सिंह मौके पर पहुंच गया। उसकी जमीन भी नईम की जमीन के बगल में है। सुखविंदर ने बिना पैमाइश कराए निर्माण कार्य शुरू कराने पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
लाइसेंसी पिस्टल निकालकर चलाईं चार गोलियां
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि सुखविंदर सिंह ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर नईम पर लगातार चार गोलियां चला दीं। इनमें तीन गोलियां नईम के सीने के नीचे दाहिनी तरफ लगीं। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपी पैदल ही घटनास्थल से फरार हो गया।
अस्पताल में ICU इंचार्ज है आरोपी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी सुखविंदर सिंह अर्जुनगंज स्थित शताब्दी अस्पताल में आईसीयू इंचार्ज के पद पर कार्यरत है। वह आलमबाग थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे वह अस्पताल से मोटरसाइकिल लेकर जमीन पर काम कराने की बात कहकर निकला था। दोपहर करीब एक बजे कटरा बक्कास में फायरिंग की वारदात हुई।
घायल नईम ने पुलिस को बताया कि वह आरोपी को पहले से नहीं जानते थे। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने भी पुलिस को जानकारी दी कि गोली मारने के बाद आरोपी पैदल ही भाग गया।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल नईम को अस्पताल पहुंचाया गया। प्रभारी निरीक्षक राजीव रंजन उपाध्याय के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस जमीन विवाद और फायरिंग से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
