झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान संस्थान में सृजन ऑर्गनाइजेशन, गुरसराय के तत्वावधान में ग्रामीण महिलाओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं एक्सपोजर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कुरैठा, खड़ेनी, देवरा एवं भड़रवारा गांवों की 16 महिलाओं ने आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती, बहुस्तरीय खेती, मशरूम उत्पादन एवं फसल सुरक्षा की जानकारी प्राप्त की।
संस्थान के निदेशक प्रो. विनीत कुमार ने जलवायु परिवर्तन के कृषि पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी देते हुए नई कृषि पद्धतियां अपनाने पर जोर दिया। समन्वयक डॉ. संतोष पांडे ने वैज्ञानिक खेती एवं नैनो ऑर्चर्ड की उपयोगिता बताई। डॉ. सत्यवीर सिंह सोलंकी ने प्राकृतिक खेती, घन जीवामृत एवं द्रव जीवामृत के निर्माण और उपयोग की जानकारी दी। डॉ. नवीन कुमार ने बहुस्तरीय खेती से कम भूमि में अधिक उत्पादन की संभावनाओं पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. अभिषेक कुमार चौधरी ने फसलों में कीट नियंत्रण के वैज्ञानिक उपाय बताए।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं ने रानी लक्ष्मीबाई जैविक कृषि फार्म, करगुवां जी एवं विश्वविद्यालय के नारायण बाग कृषि फार्म का भ्रमण किया। मनुप्रा प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक प्रवीण वर्मा ने अपने फार्म पर मशरूम उत्पादन की तकनीक का प्रायोगिक प्रदर्शन कराते हुए इसके व्यावसायिक महत्व की जानकारी दी।
कार्यक्रम में रेशमी, राजेश्वरी, सुनीता, जानकी, रेखा, उपमा, मीरा सहित 16 महिलाओं ने भाग लिया। आयोजन एवं समन्वय में सृजन ऑर्गनाइजेशन की अमिषा प्रसाद, चंचल उनैया, नीरज कुमार एवं राहुल दुबे का सहयोग रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को कृषि आधारित स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भरता के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
