मुंबई: महाराष्ट्र के भिवंडी में शनिवार को कपड़ा कतरन रखने वाले एक गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास के कई घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर दमकल की टीमें और पुलिस मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
आसपास के घरों तक पहुंचीं आग की लपटें
गोदाम में लगी आग इतनी भीषण थी कि इसकी लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं। आग फैलने के कारण आसपास के घरों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई। स्थानीय लोग अपने घरों से सामान बाहर निकालकर उसे बचाने की कोशिश में जुट गए।
दमकल की दो गाड़ियां मौके पर तैनात
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हैं, जबकि स्थानीय पुलिस भी राहत और बचाव कार्य में सहयोग कर रही है। घरों तक आग पहुंचने से लोग अपने बचे हुए सामान को सुरक्षित निकालने में लगे हुए हैं।
लाखों का सामान जलकर राख, आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग की चपेट में आने से आसपास के घरों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। फिलहाल आग लगने की असल वजह सामने नहीं आई है। दमकलकर्मियों के आग बुझाने के बाद कूलिंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद ही आग लगने के कारणों और कुल नुकसान का सही आकलन हो सकेगा।
अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन और दमकल विभाग की प्राथमिकता आग को पूरी तरह बुझाने और आसपास के लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की है।
