उन्नाव। बांगरमऊ श्री दुर्गेश्वर कृष्ण लीला समिति के तत्वावधान में चल रहे श्री कृष्ण लीला महोत्सव के छठे दिवस में माखन चोरी लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। लीला देखते ही पूरा पंडाल भक्ति और आनंद से झूम उठा।
मंचन में दिखाया गया कि भगवान कृष्ण अपने ग्वाल-बालों के साथ गोपियों के घर जाते हैं, माखन-मिश्री की चोरी करते हैं, बर्तन तोड़ देते हैं और सखियों की मटकी फोड़ देते हैं। बाल कृष्ण की शरारतों पर भक्त खूब हंसे और तालियां बजाईं। इस लीला का मंचन श्री रामकृष्ण लीला संस्थान वृंदावन के संरक्षक नंदकिशोर शर्मा लाल के नेतृत्व में किया गया।
लीला की शुरुआत में राजेश रस्तोगी, गोविंद शुक्ला, आनंद अर्कवंशी ने आरती उतारकर ठाकुर जी का पूजन किया। आज लीला पंडाल में भक्तों की अपार भीड़ रही। पूरे पंडाल में मटकी बांधी गई थी, जिसमें दूध, दही, मक्खन का भोग था। सर्वप्रथम ठाकुर जी ने बाबा दुर्गेश्वर को माखन-मिश्री का भोग लगाया, उसके पश्चात पूरे पंडाल में प्रसाद वितरित किया गया। लीला के समापन पर मोंटी शर्मा, मंगल यादव, वीरपाल, सभासद रोशन गुप्ता, वैभव शर्मा, चरण आधार शर्मा ने आरती उतारी।
