मुंबई: अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का भिंडी बाजार स्थित पुश्तैनी घर आज यानी 18 नवंबर को जमींदोज किया जाएगा। 80 साल से अधिक पुरानी इस इमारत का नाम हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना है। बताया जाता है कि 1986 में भारत छोड़ने से पहले दाऊद इब्राहिम अपने परिवार के साथ इसी इमारत में रहता था। यहां उसका घर और कार्यालय भी था। इसी जगह 1993 के मुंबई बम धमाकों की साजिश रचे जाने की बात सामने आई थी।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने इस इमारत को गिराने के लिए 18 और 19 नवंबर 2026 की तारीख तय की है। इमारत बेहद जर्जर और खतरनाक स्थिति में पहुंच चुकी है। बीएमसी के सी वार्ड ने 16 नवंबर को नोटिस जारी कर इसे सी-1 श्रेणी की अत्यधिक खतरनाक इमारत घोषित किया था। बॉम्बे हाईकोर्ट के 31 अगस्त 2020 के आदेश के तहत इसे भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच गिराया जाएगा।
वक्फ बोर्ड की संपत्ति होने का भी दावा
इमारत को गिराने की कार्रवाई को लेकर स्थानीय निवासियों और प्रशासन के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई है। कुछ लोगों ने इस संपत्ति पर वक्फ बोर्ड का स्वामित्व होने का दावा किया है। निवासियों और ट्रस्ट का कहना है कि वक्फ ट्रिब्यूनल ने इमारत को गिराने पर रोक लगाई है।
उनका आरोप है कि बीएमसी ने अदालत में जाने के लिए नियमानुसार 15 दिन का समय देने के बजाय केवल 24 घंटे का नोटिस जारी किया। इस वजह से कार्रवाई को लेकर आपत्ति जताई जा रही है।
सड़क चौड़ीकरण में भी बाधा बन रही थी इमारत
पाकमोडिया स्ट्रीट और सेकंड कूपर स्ट्रीट पर स्थित यह इमारत सड़क चौड़ीकरण परियोजना के रास्ते में भी बाधा बन रही थी। फिलहाल इमारत लगभग खाली है। इसके ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद प्रार्थना कक्ष का ही इस्तेमाल किया जा रहा है। हालांकि, इमारत की जर्जर हालत के चलते वहां आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है।
सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट ने प्रार्थना कक्ष के इस्तेमाल करने वालों के लिए दो विकल्प दिए हैं। इनमें सेक्टर-4 के अन-नस्र टॉवर की यूनिट F67, F68 और S68 में अस्थायी जगह उपलब्ध कराना या नई जगह किराये पर लेने के लिए आर्थिक मुआवजा देना शामिल है।
बीएमसी ने प्रार्थना कक्ष में रखी कुरान और अन्य धार्मिक वस्तुओं को सम्मानपूर्वक तथा सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने का निर्देश भी दिया है।
भिंडी बाजार नाम के पीछे क्या है कहानी?
मुंबई के भिंडी बाजार को लेकर आम धारणा है कि इसका नाम भिंडी की सब्जी के कारण पड़ा होगा, लेकिन इस नाम का भिंडी से कोई संबंध नहीं बताया जाता। इसके नाम की उत्पत्ति को लेकर दो अलग-अलग मान्यताएं प्रचलित हैं।
एक मान्यता के मुताबिक, ब्रिटिश शासन के दौरान इस इलाके को क्रॉफोर्ड मार्केट के पीछे स्थित होने के कारण अंग्रेज ‘बिहाइंड द बाजार’ कहते थे। समय के साथ यह नाम बदलकर ‘भेंडी बाजार’ और फिर ‘भिंडी बाजार’ हो गया।
दूसरी मान्यता इस इलाके में रहने वाले कुम्हारों से जुड़ी है। कहा जाता है कि यहां मिट्टी के बर्तन बनाने वाले कुम्हारों की बस्ती थी। मराठी में बर्तनों को ‘भांडी’ कहा जाता है। इसी वजह से इस जगह को ‘भांडी बाजार’ कहा जाने लगा, जो बाद में बदलकर ‘भेंडी बाजार’ हो गया।
