`कोई मतदाता न छूटे ………. 18 वर्ष के होते ही जुड़वाएं नाम, निभाएं देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी`
झाँसी। लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में नई पीढ़ी की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मतदाता साक्षरता क्लब (ELC 2.0) एवं स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र 223–झाँसी सदर में विधानसभा स्तरीय मतदाता जागरूकता प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। हाफिज सिद्दीक नेशनल इंटर कॉलेज, झाँसी में आयोजित निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण और मतदान के महत्व से परिचित कराया गया। साथ ही उन्हें अपने परिवार एवं आसपास के पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जनपदीय समन्वयक (ELC 2.0 एवं SVEEP) नीतू सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करना प्रत्येक युवा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस आयु के साथ उसे देश के लोकतांत्रिक निर्णयों में भागीदारी का अधिकार मिलता है। प्रत्येक पात्र युवा को फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार, पड़ोस तथा समाज के लोगों को भी मतदाता पंजीकरण एवं मतदान के लिए प्रेरित करें।
भारत निर्वाचन आयोग एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार तथा जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जनपदीय नोडल अधिकारी (ELC) रती वर्मा के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्रबंधक एवं सेवानिवृत्त सहायक निर्वाचन अधिकारी अब्दुल रज़्ज़ाक खान ने की।
निबंध प्रतियोगिता में आयोग द्वारा निर्धारित विषयों “शुद्ध मतदाता सूची का महत्व” एवं “मतदान का महत्व” पर विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। इसमें विपिन बिहारी इंटर कॉलेज की सौम्या शर्मा ने प्रथम, माउंट लिट्रा की अक्षिता तिवारी ने द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज, झाँसी के संस्कार विश्वकर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं मतदाता सूची निर्माण, EVM, VVPAT एवं निर्वाचन प्रक्रिया पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पुष्पा कॉन्वेंट हाई स्कूल की *हिमांशी विश्वकर्मा* ने प्रथम, सी.के.सी. एकेडमी के *लक्ष्य गोयल* ने द्वितीय तथा जय एकेडमी की *समृद्धि यादव* ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन हुसैन द्वारा किया गया। समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य उस्मान खान ने अतिथियों, निर्णायकों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी ही सशक्त लोकतंत्र की पहचान है। विधानसभा स्तर की दोनों प्रतियोगिताओं से चयनित शीर्ष 10-10 प्रतिभागी आगामी जनपद स्तरीय फाइनल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
इस अवसर पर अब्दुल अलीम, मु० परवेज, अजहर खान, मोहम्मद जावेद खान, नदीम हसन कादरी, मुईन, इलयास मंसूरी, सिराज अली, सत्यम दुबे, रजत साहनी, मनमोहन मनु, सुमन आर्या, अब्दुल शादाब, सतपाल सिंह, रॉबिन दास, सविता भारती, बी०पी० पाठक, रंजन सक्सेना, राजेश शर्मा, पंकज कुमार वर्मा, रेखा वर्मा एवं राजकुमार सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
hu
