झाँसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के भास्कर जनसंचार एवं पत्रकारिता संस्थान में सोमवार को राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर ‘डिजिटल युग में लोकतंत्र और प्रेस : भूमिका, चुनौतियां और उत्तरदायित्व’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य अतिथि इंजीनियरिंग संकाय के अधिष्ठाता एवं यूजीसी नोडल ऑफिसर प्रो. एम.एम. सिंह ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक तकनीक ने पत्रकारिता को पहले की अपेक्षा अधिक सरल और सुविधाजनक बना दिया है, लेकिन इसके साथ नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं की आवश्यकता भी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है।
समाचारों और सूचनाओं के प्रसारण से पहले उनकी विश्वसनीयता, मानवीय प्रभाव और प्रेस कानूनों का ध्यान रखना आवश्यक है।
प्रो. सिंह ने कहा कि एआई और नई तकनीकों का उपयोग पत्रकारिता की गुणवत्ता और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए किया जाना चाहिए। तकनीक के बढ़ते प्रभाव के बीच पत्रकारों की नैतिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का महत्व कम नहीं होना चाहिए।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके स्वागत के साथ हुआ। संगोष्ठी का संचालन करते हुए डॉ. राघवेन्द्र दीक्षित ने पत्रकारिता के सामाजिक सरोकारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का मूल धर्म बेजुबानों को आवाज देना और समाज के वंचित वर्गों की समस्याओं को सामने लाना है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में प्रेस की पहचान इसी जनपक्षधर भूमिका के कारण है। बदलते तकनीकी परिवेश में भी पत्रकारिता की विश्वसनीयता और जनसरोकार सर्वोपरि रहने चाहिए।
संस्थान के शिक्षक उमेश शुक्ला ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस के महत्व पर चर्चा करते हुए स्वतंत्रता के बाद भारतीय पत्रकारिता में आए बदलावों और प्रेस की स्वतंत्रता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने में भारतीय प्रेस परिषद की भूमिका को समझाया। डॉ. अभिषेक कुमार ने स्वतंत्रता आंदोलन में प्रेस के योगदान और मुद्रण तकनीक के विकास के ऐतिहासिक पहलुओं पर प्रकाश डाला।
डॉ. नितिन भगौरिया ने ‘पत्रकार हूं मैं’ कविता का पाठ कर पत्रकारों के संघर्ष, चुनौतियों और सामाजिक उत्तरदायित्वों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं, विद्यार्थी धर्मेंद्र ने पत्रकारिता के व्यावसायिक दबावों का उल्लेख करते हुए मीडिया मालिकों, प्रशासन, शासन और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने की चुनौतियों को सामने रखा।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. राघवेन्द्र दीक्षित ने अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। संगोष्ठी में संस्थान के शिक्षकों के साथ अतीत विजय, अनेशा गर्ग, इला जैन, प्राप्ति श्रृंगीऋषि, साहिल हक़, अंशिका रिछारिया, ईशा कुशवाहा, मनोज, हर्ष नायक, स्नेहा, देवचन्द्र, विकास गौतम, वेदांत, रेमंड, वीरेंद्र अहिरवार सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
