उन्नाव। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर सदर विधायक पंकज गुप्ता ने पीडी नगर स्थित हनुमंत जीव आश्रम पहुंचकर विधि-विधान से गौ पूजन किया। इस दौरान उन्होंने गौ माता को तिलक लगाकर फूल-माला अर्पित की और आरती उतारकर सुख-समृद्धि की कामना की।
पूजन के बाद विधायक ने गायों को गुड़, हरा चारा और अन्य खाद्य सामग्री खिलाई। साथ ही गौ माता की सेवा कर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने आश्रम में गायों की देखभाल और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। इस अवसर पर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गोवर्धन पूजा का विशेष महत्व है। यह पर्व प्रकृति, गौवंश और भगवान श्रीकृष्ण के प्रति आस्था एवं कृतज्ञता प्रकट करने का प्रतीक है।
गौ माता की सेवा और संरक्षण हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से गौ सेवा और संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की। इस दौरान आश्रम से जुड़े लोगों ने विधायक का स्वागत किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी गौ सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए गौवंश के संरक्षण का संकल्प लिया।
