सहायक निदेशक ने विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल व प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

बांगरमऊ,उन्नाव। इंदिरा गांधी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बांगरमऊ स्कूल एथलेटिक्स चैंपियनशिप व 36वां द्विदिवसीय वार्षिक क्रीड़ा समारोह का भव्य समापन हुआ। मुख्य अतिथि प्रो. विष्णु मिश्रा, सहायक निदेशक उच्च शिक्षा विभाग प्रयागराज ने विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। प्राचार्य डॉ. दिग्विजय नरायन ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण, शॉल व पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। विशिष्ट अतिथि प्रो. राजीव यादव, नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्नातकोत्तर महाविद्यालय अलीगंज लखनऊ का भी स्वागत किया गया। रोशनी व नैनशी ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

स्वागत उद्बोधन में प्राचार्य ने कहा कि सहायक निदेशक हमारे प्राचार्य रहे हैं। यह हमारे लिए गर्व की बात है। उनका सानिध्य व मार्गदर्शन आज भी प्राप्त होता है। प्रो. राजीव यादव ने कहा कि इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों को महाविद्यालय में प्रतिभा दिखाने का मौका मिलना गर्व की बात है। चैंपियनशिप में छात्रा वर्ग में दीपांशी यादव, आदर्श राम कृष्ण इंटर कॉलेज ओसिया तथा छात्र वर्ग में अभिषेक, महात्मा गांधी इंटर कॉलेज सफीपुर को चैंपियन ट्रॉफी प्रदान की गई। मुख्य अतिथि ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य महाविद्यालय में खेलों को बढ़ावा देना है।

आप सभी यहां प्रवेश लेकर छात्र संख्या बढ़ाएं। धन्यवाद ज्ञापन क्रीड़ा प्रभारी डॉ. अभिषेक कुमार ने दिया। संचालन डॉ. सविता राजन व डॉ. हरिओम दिवाकर ने किया। इस अवसर पर डॉ. किरण, डॉ. धर्मेंद्र द्विवेदी, डॉ. सुनीता निरंकारी, डॉ. अभय राजपूत, डॉ. शैलजा त्रिपाठी समेत समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। बांगरमऊ के 11 विद्यालयों व महाविद्यालय के अनेक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

Related posts