वॉलमार्ट वृद्धि कार्यशाला विकास भवन सभागार में सम्पन्
झाँसी । जनपद के एक जनपद एक उत्पाद (ODOP), एक जनपद एक व्यंजन (ODOC) एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) से जुड़े उद्यमियों एवं व्यवसायियों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने तथा ई-कॉमर्स के माध्यम से व्यवसाय विस्तार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नवीन सभागार, विकास भवन, झाँसी में वॉलमार्ट वृद्धि (Walmart Vriddhi) कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारम्भ मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी श्री रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने अपने संबोधन में उद्यमियों एवं व्यवसायियों को वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक परिवेश के अनुरूप तकनीकी रूप से सक्षम बनने तथा ई-कॉमर्स पोर्टल के माध्यम से अपने उत्पादों एवं व्यवसाय का विस्तार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने डिजिटल माध्यमों को अपनाकर अपने उत्पादों की पहुँच व्यापक बाजार तक बढ़ाने और व्यवसाय विकास के नए अवसरों का लाभ उठाने पर जोर दिया।
कार्यशाला में वॉलमार्ट के प्रतिनिधि श्री अंशुल गुप्ता, जोनल मोबिलाइजेशन मैनेजर, श्री विकास त्यागी एवं सुश्री सुष्मिता गौड़ ने Walmart Vriddhi एवं Flipkart के माध्यम से उद्यमों एवं व्यवसायों को ई-कॉमर्स पोर्टल पर जोड़ने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने प्रतिनिधियों ने प्रतिभागियों को पंजीकरण एवं ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया की जानकारी देते हुए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया। इस दौरान प्रतिभागी उद्यमियों के व्यवसायों का ई-कॉमर्स पोर्टल पर पंजीकरण भी कराया गया।
उन्होंने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जनपद के स्थानीय उद्यमियों को डिजिटल बाजार से जोड़ना, उनके उत्पादों की व्यापक पहुँच सुनिश्चित करना तथा उन्हें ई-कॉमर्स के माध्यम से व्यवसाय विस्तार एवं विकास के नए अवसरों से परिचित कराना रहा। इस पहल से स्थानीय उद्यमियों को डिजिटल व्यापार अपनाने और अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुँचाने के लिए प्रोत्साहन मिला।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग मनीष चौधरी ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अतिथियों का स्वागत एवं अभिवादन किया। कार्यशाला में ओडीओसी के 23, ओडीओपी के 27 तथा MSME क्षेत्र के 10 उद्यमियों एवं व्यवसायियों सहित कुल 60 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
कार्यशाला में एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) योजना के अंतर्गत कपड़ा निर्माण एवं कपड़ा व्यवसाय से जुड़े प्रमुख उद्यमियों में श्री जितेन्द्र कुमार, श्री तरुण कंचन, श्री विष्णु चौरसिया, श्री प्रकाश चन्द्र एवं श्री दीपक वशिष्ठ सहित अन्य उद्यमी उपस्थित रहे। वहीं, एक जनपद एक व्यंजन (ODOC) योजना के अंतर्गत मिष्ठान निर्माण से जुड़े प्रमुख उद्यमियों में श्री संतोष गुप्ता, श्री संजय, श्री उदय कुमार, श्री कौशल कुशवाहा, श्री सियाराम सहित अन्य व्यवसायियों ने प्रतिभाग किया।
