सुल्तानपुर में शहीद का पार्थिव शरीर लेकर जा रही एंबुलेंस ट्रक में घुसी, बेटे समेत चार की दर्दनाक मौत

सुल्तानपुर: पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में शहीद के परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौत हो गई। पंचकुला से देवरिया शहीद सुबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर जा रही एंबुलेंस हलियापुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में शहीद के बेटे, भाई और भतीजे के साथ एंबुलेंस चालक की भी जान चली गई।

हादसा 4 अक्टूबर की सुबह करीब 8:15 बजे अयोध्या-सुल्तानपुर सीमा के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 79.6 पर हुआ। एंबुलेंस पंचकुला से शहीद का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जा रही थी। उसमें शहीद के परिवार के सदस्य भी मौजूद थे।

तेज रफ्तार एंबुलेंस अनियंत्रित होकर ट्रक से टकराई

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एंबुलेंस की रफ्तार काफी तेज थी। हलियापुर के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका केबिन पिचक गया।

हादसे में शहीद सुबेदार मेजर सत्यवान के बेटे गौरव सिंह, भाई राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ और एंबुलेंस चालक जसपाल की मौत हो गई। गौरव सिंह और चालक जसपाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल राजन चौधरी और राम समुझ को उपचार के लिए अयोध्या के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।

गैस कटर से एंबुलेंस काटकर निकाले गए शव

हादसा इतना भीषण था कि एंबुलेंस में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद लेनी पड़ी। सूचना मिलते ही हलियापुर पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

बताया गया कि देवरिया के रुद्रपुर निवासी सेना के सुबेदार मेजर सत्यवान कुछ दिन पहले पंचकुला में शहीद हुए थे। उनके पार्थिव शरीर को लेने के लिए परिवार की ओर से भाई राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ और बेटे गौरव सिंह पंचकुला गए थे। 3 अक्टूबर की देर रात तीनों एंबुलेंस से शहीद का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया के लिए रवाना हुए थे।

घर पहुंचने से पहले परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

परिवार शहीद का पार्थिव शरीर लेकर घर पहुंचता, उससे पहले ही पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हादसा हो गया। दुर्घटना में परिवार के तीन सदस्यों और एंबुलेंस चालक की मौत से पूरे परिवार में मातम छा गया।

हादसे के बाद शहीद सुबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर सम्मान के साथ हलियापुर थाने में रखवाया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जता रही है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Related posts