लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के लिए पार्टी के दो उम्मीदवारों के नाम अचानक बदल दिए हैं। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से अब कमलेश यादव की जगह डॉ. संजयन त्रिपाठी सपा के उम्मीदवार होंगे। वहीं, आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रकाश चंद्र गुप्ता की जगह पूर्व एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया गया है।
अखिलेश यादव ने डॉ. संजयन त्रिपाठी और डॉ. आकाश अग्रवाल का स्वागत किया। साथ ही उन्होंने पहले घोषित उम्मीदवार कमलेश यादव और प्रकाश चंद्र गुप्ता, उनके परिवारों, समर्थकों और चुनाव अभियान में जुटे लोगों के प्रति आभार जताया।
अखिलेश यादव ने कहा कि दोनों सीटों पर उम्मीदवार बदलने का फैसला पहले घोषित प्रत्याशियों की सहमति से हुआ है। उन्होंने दावा किया कि दोनों पूर्व उम्मीदवार चुनाव में पार्टी को पूरा सहयोग करेंगे। सपा प्रमुख ने कहा कि वह उनके इस त्याग के लिए हमेशा आभारी रहेंगे और समय आने पर उन्हें उचित सम्मान दिया जाएगा।
शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था को लेकर बीजेपी सरकार पर हमला
अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इन दोनों प्रत्याशियों के साथ समाजवादी पार्टी के सभी उम्मीदवारों को जिताने के लिए काम करें। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में शिक्षा और परीक्षा की व्यवस्था ध्वस्त हो गई है।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि पिछले 10 साल में सबसे ज्यादा पेपर लीक हुए और सरकारी नौकरियों में भेदभाव हुआ। उनके मुताबिक, भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्कूली शिक्षा और शिक्षा व्यवस्था की स्थिति खराब हुई है। उन्होंने कहा कि कई संस्थानों में गिरोह बन गए हैं।
सपा प्रमुख ने कहा कि पार्टी जनता के बीच जाकर इन मुद्दों को उठाएगी। उन्होंने शिक्षकों के साथ भेदभाव को बड़ा सवाल बताते हुए कहा कि तदर्थ शिक्षक, वित्तविहीन शिक्षक, शिक्षा मित्र और पुरानी पेंशन योजना जैसे मुद्दों को समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा।
वोट और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी साधा निशाना
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोगों ने गलत तरीके से वोट बनवाए। उन्होंने कहा कि दो अनुभवी लोगों के पार्टी के साथ आने से जीत पक्की होगी। उन्होंने पिछले 10 साल के शासन, प्रशासन और पुलिस के व्यवहार का जिक्र करते हुए सुप्रीम कोर्ट की हालिया टिप्पणी का भी हवाला दिया।
उन्होंने कहा कि गोरखपुर में एक व्यक्ति ने सड़क पर पानी भरा होने का वीडियो सोशल मीडिया पर डाला तो उसके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई कर दी गई। अखिलेश यादव ने संतकबीरनगर में एक सम्मानित पहलवान की हत्या का भी जिक्र किया।
किसानों की कर्जमाफी और मुफ्त इलाज का वादा
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने पहले भी किसानों के हित में फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में एक समय 10 हजार रुपये तक के कर्ज माफ किए गए थे। उन्होंने कहा कि सपा का घोषणा पत्र आने वाला है और किसानों से जुड़े मुद्दों को उसमें शामिल किया जाएगा।
सपा प्रमुख ने कहा कि जब बड़े उद्योगपतियों के कर्ज माफ हो सकते हैं तो किसानों के कर्ज क्यों नहीं। उन्होंने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सपा की सरकार बनने पर गरीबों का मुफ्त इलाज कराया जाएगा।
अखिलेश यादव ने युवाओं का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने पहले युवाओं को लैपटॉप दिए थे। उनके मुताबिक, आज युवा मोबाइल और लैपटॉप के जरिए सरकार को घेरने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी विकास चाहती है, लेकिन यह रूढ़िवादी लोगों को पसंद नहीं है।
