‘मछली की आंख की तरह सिर्फ लक्ष्य पर नजर रखें’, अपना दल (एस) की समीक्षा बैठक में अनुप्रिया पटेल का कार्यकर्ताओं को संदेश

लखनऊ: अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित पार्टी के कैंप कार्यालय में संगठन की समीक्षा बैठक की। बैठक में 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों, बूथ प्रबंधन और संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा हुई। अनुप्रिया पटेल ने कार्यकर्ताओं से चुनावी लक्ष्य पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करने और संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।

2027 में फिर एनडीए की सरकार बनाने का लक्ष्य

पत्रकारों से बातचीत में अनुप्रिया पटेल ने कहा कि अपना दल (एस) एनडीए का मजबूत और भरोसेमंद सहयोगी है। उन्होंने कहा कि 2017 और 2022 की तरह 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी एनडीए को बड़ी जीत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य 2027 में उत्तर प्रदेश में फिर एनडीए की सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि हर सीट पर एनडीए का प्रत्याशी होगा, चाहे सीट अपना दल (एस) के खाते में आए या गठबंधन के किसी दूसरे सहयोगी दल के पास जाए। पार्टी की कोशिश हर सीट पर गठबंधन के प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने की होगी।

अनुप्रिया पटेल ने कहा कि इसके लिए अपना दल (एस) का हर कार्यकर्ता जमीन पर पूरी ताकत के साथ काम करेगा।

चुनाव आयोग और मतदाता सूची पर विपक्ष के सवालों पर साधा निशाना

विपक्ष की ओर से चुनाव आयोग, मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर लगातार उठाए जा रहे सवालों पर अनुप्रिया पटेल ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने के बाद विपक्ष अपनी कमियों का विश्लेषण करने के बजाय किसी न किसी संस्था को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश करता है।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर देश की चुनावी प्रक्रिया पूरी तरह गलत और दूषित है, तो विपक्ष को यह बताना चाहिए कि केरल, कर्नाटक, पंजाब, तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश में किसकी सरकारें चल रही हैं। उन्होंने कहा कि जब इन राज्यों में विपक्षी दल चुनाव जीतते हैं, तब चुनावी प्रक्रिया ठीक और पारदर्शी मानी जाती है, लेकिन जब एनडीए को जनादेश मिलता है तो उसी प्रक्रिया पर सवाल उठाए जाते हैं।

अनुप्रिया पटेल ने कहा कि 2024 के चुनाव में विपक्ष ने झूठ और भ्रम का माहौल बनाकर कुछ चुनावी फायदा हासिल किया, लेकिन अब जनता उनके इस तरीके को समझ चुकी है। उन्होंने 2027 के चुनाव में विपक्ष को फिर हार का सामना करने का दावा किया।

‘100 प्रतिशत स्ट्राइक रेट’ का लक्ष्य, कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश

समीक्षा बैठक में अनुप्रिया पटेल ने संगठन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की और पार्टी पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में पार्टी का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जिन सीटों पर उसके प्रत्याशी मैदान में उतरें, वहां उनकी जीत सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि संगठन की समीक्षा बैठकों का उद्देश्य यही है कि पार्टी के ढांचे में किसी भी स्तर पर कमी न रह जाए।

हर गांव, गली और बूथ तक पार्टी का झंडा पहुंचाने पर जोर

अनुप्रिया पटेल ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और गली-गली जाकर संगठन को मजबूत करने को कहा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का कोई भी गांव या बूथ ऐसा नहीं बचना चाहिए, जहां किसी मकान, चौखट या झोपड़ी पर अपना दल का झंडा दिखाई न दे।

उन्होंने कहा कि जब हर तरफ पार्टी का झंडा नजर आएगा तो कार्यकर्ताओं का मनोबल और आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।

विरोधियों के हमले को लेकर बोलीं- लक्ष्य से भटकना नहीं है

कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए अनुप्रिया पटेल ने कहा कि जब विरोधी किसी संगठन या उसके कार्यकर्ताओं को निशाना बनाते हैं तो यह उनके अस्तित्व को लेकर उनकी चिंता को दिखाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर चारों तरफ से निशाना बनाया जा रहा है तो इसका मतलब है कि वे चर्चा के केंद्र में हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को विरोधियों की आलोचनाओं से विचलित नहीं होने और मछली की आंख की तरह सिर्फ अपने लक्ष्य पर नजर बनाए रखने की सलाह दी।

भाषा की मर्यादा बनाए रखने की सख्त हिदायत

अनुप्रिया पटेल ने पार्टी कार्यकर्ताओं और सोशल मीडिया टीम को सार्वजनिक मंचों, बैठकों और इंटरनेट माध्यमों पर भाषा की मर्यादा का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में भाषाई मर्यादा का उल्लंघन नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पार्टी की पहचान एक अनुशासित और सकारात्मक संगठन के तौर पर बनी रहनी चाहिए।

Related posts