बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में स्तन कैंसर जागरूकता अभियान समय पर जांच और प्रारंभिक पहचान के महत्व पर दिया गया जोर……..


झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी में रोटरी क्लब झांसी, 56 यूपी बटालियन एनसीसी एवं फॉरेंसिक साइंस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्तन कैंसर जागरूकता अभियान का आयोजन फॉरेंसिक साइंस विभाग में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं विश्वविद्यालय परिवार को स्तन कैंसर के प्रति जागरूक करना तथा समय पर जांच, प्रारंभिक पहचान और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व को समझाना रहा।


कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. मिली सूरी ने स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि महिलाओं को अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देनी चाहिए। स्तन कैंसर के प्रारंभिक संकेतों की पहचान और किसी भी असामान्य लक्षण पर समय से चिकित्सकीय परामर्श उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा स्वास्थ्य संबंधी किसी भी बदलाव को नजरअंदाज न करने का आह्वान किया।


उन्होंने कहा कि परिवार, शैक्षणिक संस्थान और सामाजिक संगठन मिलकर महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर जागरूकता को व्यापक स्तर तक पहुंचा सकते हैं। ऐसे अभियान महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने के साथ समाज में स्वास्थ्य संबंधी सकारात्मक संवाद को भी मजबूत करते हैं।


इस अवसर पर कुलसचिव ज्ञानेंद्र कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता स्वस्थ और सशक्त समाज की आधारशिला है। महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर सही जानकारी का प्रसार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने रोटरी क्लब, एनसीसी, फॉरेंसिक साइंस विभाग तथा अभियान में सहभागिता करने वाले सभी सदस्यों के प्रयासों की सराहना की।


निदेशक, आईक्यूएसी मेजर (प्रो.) सुनील कुमार कबिया ने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा और शोध के साथ सामाजिक एवं स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में भी अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। स्तन कैंसर जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य विषय पर आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय परिवार के लिए उपयोगी हैं। उन्होंने मुख्य वक्ता, रोटरी क्लब, एनसीसी कैडेट्स और आयोजन से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी।


रोटरी क्लब झांसी की प्रतिनिधि प्रीति खन्ना ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। महिलाओं को सही जानकारी उपलब्ध कराने और समय पर स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं एनसीसी कैडेट्स की सक्रिय सहभागिता की सराहना की।


रोटरी क्लब झांसी के पावित्रा खन्ना ने कहा कि स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता, समय पर जांच तथा चिकित्सकीय परामर्श अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और किसी भी स्वास्थ्य संबंधी चिंता को नजरअंदाज न करने का आग्रह किया।





Related posts