अचानक तबीयत बिगड़ने पर अधिवक्ता की कार कई वाहनों से टकराई, CPR देकर बचाई जान……..

उन्नाव। गुरुवार दोपहर करीब 4 बजे कचहरी से घर जा रहे एक अधिवक्ता की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि अटैक जैसी स्थिति होने के चलते उनका कार पर नियंत्रण नहीं रहा और वाहन कई गाड़ियों को टक्कर मारते हुए अजीत सिंह गेट, हिरन नगर के पास जाकर रुका। हादसा होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार के अंदर अधिवक्ता रिकू यादव अचेत अवस्था में थे। भीड़ में मौजूद एकता जांच केंद्र के प्रबंधक अवनीश पटेल, पत्रकार विकास जायसवाल समेत अन्य लोगों ने तत्काल मदद के लिए कार का शीशा तोड़ा और अधिवक्ता को बाहर निकालने का प्रयास किया।

अवनीश पटेल ने मौके पर अधिवक्ता को सीपीआर (CPR) दिया, जिसके बाद उनकी स्थिति में सुधार के संकेत मिले। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और अधिवक्ता को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।

घटना के बाद मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। समय रहते स्थानीय लोगों द्वारा की गई मदद और सीपीआर दिए जाने से अधिवक्ता को तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सकी।

Related posts