वाराणसी: 35 वर्षीय महिला होमगार्ड अनुराधा तिवारी ने व्हाट्सऐप पर संदेश लिखने के बाद आत्महत्या कर ली। पति की मौत के बाद अनुराधा का एक दवा कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी अजय पांडेय से संपर्क हुआ था। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और अजय ने शादी का वादा किया था। बाद में अजय के मोबाइल में एक अन्य युवती के साथ आपत्तिजनक तस्वीरें और चैटिंग मिलने के बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पुलिस ने अनुराधा के व्हाट्सऐप संदेश के आधार पर दवा कर्मचारी और संबंधित युवती को गिरफ्तार किया है।
अनुराधा तिवारी का ससुराल अस्सी इलाके में है। वह नेवादा के हनुमत कृपा अपार्टमेंट में पति धनंजय तिवारी, 17 वर्षीय बेटे और छह वर्षीय बेटी के साथ रहती थी। करीब तीन साल पहले पति की मौत हो गई थी। इसके बाद अनुकंपा के आधार पर अनुराधा को होमगार्ड विभाग में नौकरी मिली थी।
पति की मौत के बाद अनुराधा का संपर्क सारनाथ में रहकर दवा कंपनी में काम करने वाले 41 वर्षीय अजय पांडेय से हुआ। अजय मूल रूप से बांदा जिले के नरैनी थाना क्षेत्र के नरैना गांव का रहने वाला है।
आपत्तिजनक तस्वीरों और चैटिंग से बढ़ा विवाद
अनुराधा और अजय के बीच प्रेम संबंध हो गए थे। आरोप है कि अजय ने उससे शादी करने का वादा किया था। इसी दौरान अजय का संबंध दवा कंपनी में काम करने वाली झारखंड के बोकारो की अंजलि सिंह से हो गया। अंजलि महमूरगंज में किराये के मकान में रहती थी।
अनुराधा ने अजय के मोबाइल में अंजलि के साथ आपत्तिजनक तस्वीरें और चैटिंग देखी तो उसने नाराजगी जताई। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। अनुराधा के मुताबिक, अजय ने उससे मिलना भी बंद कर दिया था। उसने यह भी आरोप लगाया कि अजय और अंजलि ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी।
बेटे ने व्हाट्सऐप मैसेज देखा तो खुला मामला
अनुराधा के पास दो मोबाइल फोन थे। इनमें से एक वह अपने साथ रखती थी, जबकि दूसरा घर पर बेटे के पास रहता था। उसकी ड्यूटी चितईपुर थाने से लगती थी। बुधवार रात ड्यूटी से लौटने के बाद वह अपने कमरे में सोने चली गई।
देर रात बेटे ने घर में रखे दूसरे मोबाइल को खोला तो उसमें मां का व्हाट्सऐप संदेश दिखाई दिया। संदेश में अनुराधा ने अजय पांडेय के साथ अपने संबंध और शादी के वादे का जिक्र किया था। उसने आरोप लगाया था कि अजय ने उसे धोखा दिया और अंजलि के साथ संबंध बना लिए। संदेश में दोनों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था।
मैसेज पढ़ने के बाद बेटा मां के कमरे में पहुंचा तो अनुराधा फंदे पर लटकी मिली। उसने रस्सी काटकर मां को नीचे उतारा। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और व्हाट्सऐप संदेश के आधार पर मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने मामले में अजय पांडेय और अंजलि सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
बीमा और लोन की रकम को लेकर भी आरोप
पुलिस के अनुसार, अनुराधा ने अपने संदेश में अन्य आरोपों के अलावा पति धनंजय तिवारी की मौत के बाद विभाग से मिली रकम और उसके नाम पर लिए गए लोन की राशि से जुड़े मामले का भी आरोप लगाया था। आरोप है कि दवा कर्मचारी ने इन पैसों को हड़प लिया था। अनुराधा हर महीने लोन की किस्त जमा करती थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
