17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, एक महीने तक जनभागीदारी से चलेंगे विकास और जनसेवा के कार्यक्रम

झांसी ( देवेश प्रताप सिंह राठौर): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवाकाल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय संकल्प से नागरिकों को जोड़ने के उद्देश्य से प्रशासन की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक “सेवा संकल्प अभियान” चलाया जाएगा। इसको लेकर मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

ग्राम से जिला मुख्यालय तक आयोजित होंगे कार्यक्रम

बैठक में मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक महीने तक चलने वाले इस अभियान को ग्राम पंचायत और न्याय पंचायत स्तर से लेकर जिला मुख्यालय तक व्यापक रूप से आयोजित किया जाए। अभियान के तहत जनसेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

17 सितंबर को सभी विभागों में जलाया जाएगा ‘आशीर्वाद का दीया’

मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर मंडल के सभी विभागीय कार्यालयों में “आशीर्वाद का दीया” जलाना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही सभी विभाग अपने-अपने लाभार्थियों की नाम, पता और मोबाइल नंबर सहित सूची तैयार कर उपलब्ध कराएंगे और लाभार्थियों को भी अपने घरों में “आशीर्वाद का दीया” जलाने के लिए प्रेरित करेंगे।

तीनों जिलों के 10-10 स्थानों पर होगा विशेष आयोजन

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडल के तीनों जनपदों में 10-10 प्रमुख स्थानों पर बड़े स्तर पर “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम आयोजित कराया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसमें आम लोगों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।

अभियान में होंगे कई रचनात्मक और जनजागरूकता कार्यक्रम

सेवा संकल्प अभियान के दौरान “मेरे सपनों का भारत” के तहत प्रतियोगिता, भाषण और प्रदर्शनी, “नमो सेवा गाथा”, “आंगन का उत्सव”, “कहानी बदलाव की”, “विकसित भारत संकल्प यात्रा”, “सेवा ज्योति यात्रा”, “वडनगर से वाराणसी यात्रा”, “सेवा मेरा योगदान”, “घर-घर से राष्ट्र तक रंगोली”, “इनोवेशन चैलेंज” और “जनसेवा महाकुंभ” जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रमों की फोटोग्राफी उपलब्ध कराने के निर्देश

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान प्रतिदिन आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की फोटोग्राफ्स भी उपलब्ध कराई जाएं, जिससे अभियान की प्रगति की निगरानी की जा सके।

विकास योजनाओं की प्रगति बढ़ाने पर मंडलायुक्त ने दिया जोर

समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, छात्रवृत्ति प्रकरण, प्रोजेक्ट अलंकार, आईटीआई में प्रवेश बढ़ाने, कस्तूरबा बालिका विद्यालय, मातृ वंदना योजना, गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों को पोषाहार वितरण, बाल वाटिका, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, कन्या विवाह सहायता योजना, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, फसल ऋण, क्रेडिट कार्ड, गेहूं खरीद, गौशाला, नंदनी योजना, स्वच्छ भारत मिशन, अन्नपूर्णा भवन, आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण और पर्यटन विभाग की योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।

 

Related posts