उन्नाव में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का आगाज, सीएम योगी और अन्नपूर्णा देवी ने वाराणसी से किया शुभारंभ

उन्नाव (देवेश प्रताप सिंह राठौर): विकास भवन सभागार में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 के शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया। वाराणसी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया।

उन्नाव में मुख्य विकास अधिकारी कृतिराज की मौजूदगी में अधिकारियों, कर्मचारियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा। इस दौरान पोषण माह के उद्देश्यों और इसके तहत होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर रहेगा विशेष जोर

राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संतुलित एवं पौष्टिक आहार और कुपोषण की रोकथाम को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों की वृद्धि की निगरानी और उनके शुरुआती विकास से जुड़े पहलुओं को लेकर भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।

अभियान के तहत पोषण और स्वास्थ्य से संबंधित सेवाओं को लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। आंगनवाड़ी केंद्रों को इस अभियान का महत्वपूर्ण माध्यम बनाया गया है।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने लिया जन-आंदोलन बनाने का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने पोषण अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने का संकल्प लिया। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से लाभार्थियों तक पोषण और स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावी तरीके से पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई।

‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ के नारे के साथ 9वें राष्ट्रीय पोषण माह को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारियों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से सहयोग की अपील की गई।

अधिकारी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी सिं0 सरोसी, बाल विकास परियोजना अधिकारी बिछिया, बाल विकास परियोजना अधिकारी सि0 करन और बाल विकास परियोजना अधिकारी शहर, उन्नाव समेत कई अधिकारी, कर्मचारी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Related posts