जयंत को 73, राजभर को 39 और निषाद को 31 सीट! अखिलेश ने बताया BJP का ‘सीट बंटवारा’, अपना दल ने किया पलटवार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल सहयोगी दलों के संभावित सीट बंटवारे को लेकर बड़ा दावा किया है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा 403 विधानसभा सीटों में से 162 सीटें अपने छोटे सहयोगी दलों को देने जा रही है। उन्होंने इस दावे के जरिए भाजपा और उसके सहयोगी दलों पर तंज भी कसा है।

अखिलेश यादव के मुताबिक एनडीए में राष्ट्रीय लोक दल के जयंत चौधरी को 73 सीटें, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के ओम प्रकाश राजभर को 39 सीटें, निषाद पार्टी के संजय निषाद को 31 सीटें और अपना दल की अनुप्रिया पटेल को 19 सीटें दिए जाने की चर्चा है। अखिलेश ने कहा कि पीडीए के दबाव के चलते भाजपा अपने सहयोगियों को बड़ी संख्या में सीटें देने की तैयारी कर रही है।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि सूत्रों के हवाले से सामने आई यह खबर स्वागत योग्य है कि भाजपा अपनी हार को देखते हुए पीडीए के दबाव और जवाब में सहयोगी दलों को इधर-उधर जाने से रोकने के लिए चुनावी विशेषज्ञों की सलाह पर उन्हें बड़ी संख्या में सीटें दे रही है। हालांकि उन्होंने कहा कि पीडीए की आबादी के अनुपात में यह संख्या आधे से भी कम है और इसलिए यह योजना सफल नहीं होगी।

अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राम मंदिर से धर्म और धन चुराने, बच्चों पर लाठियां चलवाने और कई अन्य मुद्दों को लेकर जनता ने भाजपा को सत्ता से विदा करने का फैसला कर लिया है। उन्होंने इसके साथ ही करीब दो दर्जन बिंदुओं के जरिए भाजपा सरकार पर कई आरोप लगाए और कहा कि इन्हीं कारणों से इस बार लोग भाजपा को वोट नहीं देने का मन बना चुके हैं।

अखिलेश ने भाजपा पर महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी बढ़ाने, शिक्षा और परीक्षाओं में अनियमितता, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, बिजली की समस्या और निर्माण कार्यों की खराब स्थिति का आरोप लगाया। उन्होंने झूठे मुकदमों, फर्जी मुठभेड़ों, बुलडोजर कार्रवाई और पुलिस हिरासत में लोगों की मौत जैसे मुद्दे भी उठाए। इसके अलावा उन्होंने प्राथमिक विद्यालयों से लेकर विश्वविद्यालयों तक शिक्षण संस्थानों को बंद कराने का आरोप भी लगाया।

अखिलेश ने भाजपा पर लगाए ये आरोप

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षकों से चारा एकत्र करवाया और आशा, आंगनबाड़ी, सहायिका तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को आंदोलन के लिए मजबूर किया। उन्होंने व्यापारियों, दुकानदारों और कारोबारियों से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए।

उन्होंने खिलाड़ियों से पैसे लेने, कलाकारों के यश भारती सम्मान और सम्मान राशि को समाप्त करने तथा किसानों, मजदूरों, मेहनतकश लोगों और पेशेवरों को उनके अधिकार नहीं देने का आरोप लगाया।

अखिलेश ने अल्पकालिक अग्निवीर व्यवस्था को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इससे वर्षों से भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं का मनोबल टूटा है। इसके अलावा उन्होंने विज्ञान और वैज्ञानिकों को सम्मान नहीं देने, 69000 शिक्षक भर्ती समेत कई भर्तियों में आरक्षण प्रभावित करने, देश की संपत्तियां बेचने और संविधान बदलने की साजिश करने जैसे आरोप भी लगाए।

अपना दल ने अखिलेश यादव के बयान पर किया पलटवार

अखिलेश यादव के बयान पर अपना दल की ओर से पलटवार किया गया है। योगी सरकार में मंत्री और अनुप्रिया पटेल के पति आशीष पटेल ने कहा कि अपना दल ट्वीट और रीट्वीट की राजनीति में विश्वास नहीं करता। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी जमीन पर जनता के बीच काम करने और अपने गठबंधन के साथ मजबूती से खड़े रहने में विश्वास करती है।

आशीष पटेल ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि एनडीए पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रहा है। उन्होंने कहा कि शायद इसी हकीकत से परेशान होकर अखिलेश यादव दूसरे लोगों के शब्दों को अफवाह बताने की कोशिश करते-करते खुद ही अफवाहों के वाहक बनते जा रहे हैं। आशीष पटेल ने कहा कि जनता सब देख रही है और 2027 में अपना स्पष्ट जनादेश देने जा रही है।

 

Related posts