सैन डिएगो: अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सैन डिएगो में मिरामार एयर बेस के पास शुक्रवार को अमेरिकी मरीन कॉर्प्स का F-35B स्टील्थ फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान जोरदार धमाका हुआ और विमान में आग लग गई। राहत की बात यह रही कि पायलट समय रहते इजेक्ट करने में सफल रहा और उसकी जान बच गई। अधिकारियों के अनुसार, पायलट को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत स्थिर है।
इजेक्ट कर सुरक्षित बचा पायलट
अमेरिकी मरीन कॉर्प्स ने बताया कि दुर्घटना से पहले पायलट ने सफलतापूर्वक इजेक्ट कर लिया था। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जांच और इलाज के लिए स्थानीय मेडिकल सेंटर भेजा गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
हादसे के बाद उठता दिखा काला धुआं
घटना के बाद सामने आए हवाई वीडियो में दुर्घटनास्थल से घना काला धुआं उठता दिखाई दिया। मौके पर सैन्य और दमकल विभाग की कई टीमें पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए फायरफाइटर्स ने विशेष अग्निशमन सामग्री और पानी का इस्तेमाल किया। आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा कारणों से घेर लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शी वेड लॉट के अनुसार, दो लड़ाकू विमान एक साथ रनवे की ओर आ रहे थे। पहला विमान सुरक्षित उतर गया, जबकि दूसरा विमान अचानक हवा में धीमा पड़ गया और होवर करने की स्थिति में दिखाई दिया। जमीन से करीब 100 फीट की ऊंचाई पर पायलट ने इजेक्ट किया। कुछ ही क्षण बाद विमान रनवे के पास जमीन से टकरा गया और तेज धमाके के साथ उसमें आग लग गई।
क्या है F-35B की खासियत?
F-35B अमेरिकी सेना के सबसे आधुनिक स्टील्थ लड़ाकू विमानों में शामिल है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता शॉर्ट टेकऑफ और वर्टिकल लैंडिंग क्षमता है, जिससे यह सीमित रनवे या विशेष सैन्य ठिकानों से भी संचालन कर सकता है। अमेरिकी मरीन कॉर्प्स, नौसेना और वायुसेना के बेड़े में ऐसे 630 से अधिक विमान शामिल हैं। एक F-35B की अनुमानित कीमत लगभग 109 मिलियन अमेरिकी डॉलर बताई जाती है।
‘क्लास A’ श्रेणी का घोषित हुआ हादसा
अमेरिकी मरीन कॉर्प्स ने इस दुर्घटना को “क्लास A” श्रेणी का हादसा घोषित किया है। यह सैन्य विमान दुर्घटनाओं की सबसे गंभीर श्रेणी मानी जाती है, जिसमें विमान पूरी तरह नष्ट हो जाए, दो मिलियन डॉलर से अधिक का नुकसान हो या किसी सैन्यकर्मी की मौत हो। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
