दिल्ली में बढ़ा प्रदर्शन का असर! कनॉट प्लेस शाम 6:30 बजे होगा बंद, 17 मेट्रो स्टेशन ठप; जानें कहां-कितना बदला हालात

नई दिल्ली: नीट पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन का असर अब दिल्ली के प्रमुख इलाकों में दिखने लगा है। सुरक्षा कारणों को देखते हुए कनॉट प्लेस की सभी दुकानें, कार्यालय और रेस्तरां को 23 जुलाई को शाम 6:30 बजे तक बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशनों को भी अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला लिया गया है।

जंतर-मंतर प्रदर्शन के चलते सुरक्षा बढ़ाई गई

नीट पेपर लीक के मुद्दे पर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रदर्शन के 34वें दिन भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है।

जंतर-मंतर और संसद मार्ग क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। इसी के चलते आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में भी असर देखने को मिल रहा है।

NDMC ने कनॉट प्लेस के लिए जारी किए सख्त निर्देश

नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) ने एडवाइजरी जारी कर कनॉट प्लेस के सभी प्रतिष्ठानों को शाम 6:30 बजे तक बंद करने के निर्देश दिए हैं। इसमें दुकानें, कार्यालय और रेस्तरां भी शामिल हैं।

NDMC ने कहा है कि आसपास की स्थिति को देखते हुए यह कदम सुरक्षा के लिहाज से उठाया गया है। सभी प्रतिष्ठान संचालकों से निर्देशों का पालन करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सहयोग की अपील की गई है।

चार दिनों से बाजारों में कारोबार प्रभावित

दिल्ली का प्रमुख शॉपिंग और कारोबारी इलाका कनॉट प्लेस और जनपथ बाजार पिछले कुछ दिनों से प्रभावित है। सामान्य दिनों में जहां यहां सुबह से देर रात तक भीड़ रहती है, वहीं प्रदर्शन के कारण ग्राहकों की आवाजाही काफी कम हो गई है।

कनॉट प्लेस से जुड़े इलाकों में रेस्टोरेंट, होटल, दुकानें और अन्य आउटलेट्स का कारोबार भी प्रभावित हुआ है। पिछले चार दिनों से बाजारों में सामान्य गतिविधियां लगभग ठप हैं।

दिल्ली मेट्रो के 17 स्टेशन किए गए बंद

सुरक्षा कारणों को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने 17 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने का फैसला किया है। ये स्टेशन सुबह 7:30 बजे से बंद किए गए हैं।

बंद किए गए मेट्रो स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान शामिल हैं।

हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों के लिए इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

ट्रैफिक और सामान्य गतिविधियों पर पड़ा असर

संसद मार्ग और जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के कारण इलाके में तनाव और सुरक्षा स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है। इसका असर दिल्ली के यातायात और आसपास के सामान्य कामकाज पर भी पड़ा है।

वहीं, नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी युवाओं को भरोसा दिलाया है कि सरकार उनके हित और भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। प्रधानमंत्री ने मामले की सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने की बात कही है।

 

Related posts