बांगरमऊ,उन्नाव नगर के उन्नाव हरदोई मार्ग पर स्थित इंदिरा गांधी राजकीय महाविद्यालय परिसर में दशहरा के पावन पर्व पर इस बार आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि भीड़ के पुराने सभी रिकॉर्ड टूट गए। एसडीएम, सीओ, कोतवाली प्रभारी, नायब तहसीलदार और अग्निशमन केंद्र के सहयोग से जनपद का सबसे विशाल दशहरा महोत्सव शांतिपूर्ण व भव्यता के साथ संपन्न हुआ।
रामलीला महोत्सव समिति द्वारा आयोजित दस दिवसीय रामलीला के अंतिम दिवस डिग्री कालेज के विशाल मैदान में 50 फुट ऊंचा भारी-भरकम रावण का पुतला खड़ा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बदायूं से आए नाजिम ग्रुप द्वारा महाकाल की आरती से हुई।
उसके बाद रामलीला स्थल से रथ पर सवार भगवान राम की भव्य बारात नगर के मोहल्ला सिद्धार्थनगर-हरदोई-उन्नाव रोड होते हुए राजकीय डिग्री कॉलेज मैदान पहुंची। यहां एसडीएम बृजमोहन शुक्ला, सीओ हर्ष मोदी , कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय , ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अर्जुन लाल दिवाकर व नगर पालिका अध्यक्ष रामजी गुप्ता ने प्रभु राम, लक्ष्मण व जानकी की आरती उतारी।
आरती के बाद मंच पर राम-रावण संवाद और वानर-राक्षस युद्ध का सजीव मंचन हुआ। समिति ने पूरे मैदान को भव्य रूप से सजाया था। महिलाओं व पुरुषों के बैठने के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग लगाकर दीर्घाएं, पत्रकार दीर्घा और वीआईपी दीर्घा बनाई गई थी।
हंसी के साथ जल उठा रावण, गूंजे जयकारे
रात करीब 11:30 बजे विभीषण के इशारे पर भगवान राम द्वारा रावण की नाभि में बाण मारते ही हनुमान जी ने रावण के पुतले में आग लगा दी। आग लगते ही रावण का जोरदार ठहाका पूरे मैदान में गूंज उठा और देखते ही देखते पूरा मैदान ‘जय श्री राम’ के जयकारों से गूंजायमान हो गया। इससे पहले प्रशासन की मौजूदगी में विशेष आतिशबाजी का कार्यक्रम हुआ। हजारो भक्तों की भीड़ को संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। महिला पुलिस की अलग व्यवस्था की गई और कानपुर से प्राइवेट सिक्योरिटी भी बुलाकर जगह- जगह तैनात की गई। समिति द्वारा भक्तों के लिए चाय-नाश्ते का प्रबंध किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सुधीर कुमार मिश्रा ने किया। व्यवस्था संभालने में समिति के अध्यक्ष आशीष सिंह गोलू भैया, शिवम चौधरी, ओम नारायण श्रीवास्तव, अनूप चौधरी, विजय गुप्ता, कमल गुप्ता, दिनेश अग्निहोत्री, राजू मिश्रा, कमलेश चौधरी, राहुल सहित वरिष्ठ नेता रामचंद्र वर्मा का विशेष योगदान रहा। अंत में समिति ने पुलिस प्रशासन, अग्निशमन, नगर पालिका, विद्युत विभाग, आर्यन ग्रुप और आए हुए सभी भक्तों का आभार जताया।
